Fire, Forest और नंगे पैर एक्शन! ‘मर्दानी 3’ में रानी मुखर्जी ने खुद किया खतरनाक स्टंट, सच्चाई जान चौंक जाएंगे

अभिराज मीनावाला के निर्देशन में बनी ‘मर्दानी 3’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है. रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में लौटी हैं. फिल्म की कहानी जितनी मजबूत है, उतना ही असरदार इसका एक्शन भी है. पुलिस की वर्दी में निडर शिवानी अपराधियों के लिए खौफ बनकर सामने आती हैं. आग, जंगल और रॉ एक्शन से भरी इस फिल्म में रानी की परफॉर्मेंस को दर्शकों की खूब तारीफ मिल रही है.

खास इंट्रो, आदित्य-रानी की मंजूरी

फिल्म के एक्शन डायरेक्टर परवेज शेख ने बताया कि शिवानी रॉय के लिए एक बिल्कुल नया और दमदार इंट्रो तैयार किया गया था. इस इंट्रो को पहले आदित्य चोपड़ा, रानी मुखर्जी और डायरेक्टर अभिराज मीनावाला को दिखाया गया. अभिराज ने अपने इनपुट दिए, जबकि रानी को यह कॉन्सेप्ट बेहद पसंद आया. उन्होंने साफ कहा कि सीन को जैसा प्लान किया गया है, वैसा ही शूट किया जाए. आदित्य चोपड़ा की मंजूरी के बाद इस इंट्रो को हूबहू उसी तरह फिल्माया गया.

आग के बीच खुद किया एक्शन

सबसे हैरान करने वाला पल तब आया, जब रानी मुखर्जी ने खतरनाक एक्शन सीन खुद करने का फैसला लिया. परवेज शेख के मुताबिक, रानी ने कहा कि वह जितनी जरूरत होगी उतनी रिहर्सल करेंगी, लेकिन एक्शन खुद ही करेंगी. टीम ने आग और खतरे को देखते हुए उन्हें सतर्क किया, फिर भी रानी अपने फैसले पर अडिग रहीं. उन्होंने यश राज स्टूडियो में ट्रेनिंग ली और बेहद कम समय में एक्शन सीख लिया. उनके इनपुट्स ने सीन को और बेहतर बना दिया.

नंगे पैर जंगल, असली मार-पीट

फिल्म का इंट्रो सीन जंगल में शूट किया गया, जहां रानी मुखर्जी को नंगे पैर परफॉर्म करना था. यह सीन फिजिकली काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने कभी शिकायत नहीं की. क्लाइमेक्स तक आते-आते रानी एक्शन में पूरी तरह सहज हो चुकी थीं. इंटेंस मार-पीट और गन फायरिंग जैसे सीन उन्होंने खुद किए. प्रीमियर पर दर्शकों की प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया कि उनका एक्शन फ्रेश, असली और दमदार लगा. ‘मर्दानी 3’ में रानी ने साबित कर दिया कि वह सच में शिवानी शिवाजी रॉय हैं.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post