Ajit Pawar के बाद सत्ता की बड़ी जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को, लेकिन वित्त विभाग क्यों नहीं मिला? पढ़ें पूरी खबर

अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. शनिवार को उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. इसके साथ ही वह महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बन गई हैं. शपथ ग्रहण के बाद उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग, राज्य उत्पाद शुल्क और अल्पसंख्यक विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. हालांकि, पहले यह चर्चा थी कि अजित पवार के सभी विभाग सुनेत्रा को मिलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

वित्त विभाग सीएम फडणवीस के पास

सबसे अहम वित्त विभाग सुनेत्रा पवार को नहीं दिया गया है. यह विभाग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने पास रखेंगे. बताया जा रहा है कि वित्त मंत्रालय के साथ-साथ प्लानिंग विभाग भी सीएम के पास ही रहेगा. सूत्रों के मुताबिक एनसीपी की ओर से यह विभाग पार्टी को देने की मांग जरूर उठी है, लेकिन फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. माना जा रहा है कि अनुभव और आगामी बजट की तैयारी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.

देवेंद्र फडणवीस पेश करेंगे बजट

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपराज्यपाल को मंत्रालयों के बंटवारे की जानकारी दे दी है. जानकारी के अनुसार सुनेत्रा पवार से चर्चा के बाद ही यह अंतिम निर्णय लिया गया. अब वर्ष 2026 का राज्य बजट खुद देवेंद्र फडणवीस ही पेश करेंगे. गौरतलब है कि 2023 में भी फडणवीस के पास वित्त मंत्रालय था. ऐसे में प्रशासनिक अनुभव और बजट की अहमियत को देखते हुए उन्होंने यह विभाग अपने पास रखा है.

रोहित पवार और पीएम मोदी की प्रतिक्रिया

सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने पर भतीजे रोहित पवार ने भावुक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अजित दादा की जगह कोई नहीं ले सकता, लेकिन सुनेत्रा काकी में उनकी झलक जरूर दिखेगी. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुनेत्रा पवार को बधाई दी. पीएम मोदी ने कहा कि वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं और उन्हें विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post