महिला प्रीमियर लीग (WPL) में जिस पल का सभी को बेसब्री से इंतजार था, वो आखिरकार आ ही गया। WPL के चौथे सीजन में मुंबई इंडियंस की स्टार ऑलराउंडर नैट सिवर-ब्रंट ने इतिहास रच दिया। 1059 दिन और 82 मैच के लंबे इंतजार के बाद WPL को अपनी पहली शतकवीर खिलाड़ी मिली। इससे पहले लगातार कई सीजन तक बल्लेबाज 90 के आसपास आउट होती रहीं, जिसे ‘नर्वस नाइंटीज’ कहा गया। लेकिन अब यह सूखा खत्म हो चुका है और रिकॉर्ड बुक में नया नाम दर्ज हो गया है।
मुश्किल शुरुआत, फिर तूफानी बल्लेबाजी
वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर सजीवन सजना तीसरे ओवर में आउट हो गईं। इसके बाद क्रीज पर आईं नैट सिवर-ब्रंट और दूसरी ओपनर हेली मैथ्यूज ने पारी को संभाल लिया। दोनों ने मिलकर आक्रामक अंदाज में रन बनाने शुरू किए। सिवर-ब्रंट ने सिर्फ 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों के बीच 131 रन की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया।
57 गेंदों में ऐतिहासिक शतक
हेली मैथ्यूज अर्धशतक बनाकर आउट हो गईं, लेकिन नैट सिवर-ब्रंट का बल्ला नहीं रुका। उन्होंने RCB के गेंदबाजों पर लगातार चौके-छक्के बरसाए। आखिरकार 20वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया। यह शतक सिर्फ 57 गेंदों में आया, जो WPL इतिहास का पहला शतक बना। सिवर-ब्रंट 100 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी पारी में 16 चौके और 1 छक्का शामिल था। इस दमदार बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 200 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया।
सिवर-ब्रंट का एक और बड़ा रिकॉर्ड
शतक के साथ-साथ नैट सिवर-ब्रंट ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने WPL 2026 में 300 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया। वह लीग के चार में से तीन सीजन में 300 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। 2023 में उन्होंने 332 रन बनाए थे। 2025 में तो उन्होंने 10 मैचों में 523 रन बनाकर रिकॉर्ड तोड़ दिया था। अब 2026 में सिर्फ 6 मैचों में ही 319 रन बना चुकी हैं। साफ है कि WPL में उनका दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है।