Child Growth:बच्चों की हाइट क्यों रुक जाती है? जवाब छिपा है इन सब्ज़ियों में, आज से डाइट में करें शामिल

लंबाई बढ़ने में जेनेटिक्स का बड़ा रोल होता है, लेकिन सही पोषण के बिना शरीर का संतुलित विकास संभव नहीं है. खासतौर पर बच्चों और किशोरों की ग्रोथ एज में हड्डियों, मांसपेशियों और जोड़ों को मजबूत बनाने के लिए पौष्टिक आहार बेहद जरूरी होता है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि अगर इस उम्र में सही फूड्स डाइट में न हों, तो शरीर अपनी पूरी ग्रोथ क्षमता तक नहीं पहुंच पाता. इसलिए बच्चों की हाइट ग्रोथ के लिए सब्ज़ियों और पौष्टिक फूड्स को नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है.

हरी पत्तेदार सब्ज़ियों का कमाल

पालक, केल, पत्ता गोभी और अरुगुला जैसी हरी पत्तेदार सब्ज़ियां हाइट ग्रोथ में अहम भूमिका निभाती हैं. इनमें कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम और पोटैशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है. इसके साथ ही इनमें मौजूद विटामिन K बोन डेंसिटी बढ़ाने में मदद करता है. मजबूत हड्डियां ही शरीर को सही तरह से बढ़ने का आधार देती हैं. रोजाना डाइट में इन सब्ज़ियों को शामिल करने से ग्रोथ बेहतर हो सकती है.

शकरकंद, बीन्स और क्विनोआ

शकरकंद विटामिन A से भरपूर होता है, जो हड्डियों की सेहत के लिए जरूरी माना जाता है. इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है, जिससे शरीर पोषक तत्वों को अच्छी तरह अवशोषित कर पाता है. वहीं बीन्स पौधों से मिलने वाला अच्छा प्रोटीन और आयरन का स्रोत हैं, जो टिश्यू और मांसपेशियों की ग्रोथ में मदद करते हैं. क्विनोआ में मौजूद मैग्नीशियम और फॉस्फोरस हड्डियों की मजबूती को सपोर्ट करते हैं, जिससे लंबाई के विकास में सहयोग मिलता है.

क्या रखें खास ध्यान में

यह समझना जरूरी है कि एक तय उम्र के बाद लंबाई बढ़ना संभव नहीं होता, लेकिन सही डाइट से हड्डियों को मजबूत बनाकर ग्रोथ को सपोर्ट जरूर किया जा सकता है. बच्चों की ग्रोथ को लेकर अगर चिंता है, तो हरी पत्तेदार सब्ज़ियों और पोषक फूड्स को डाइट में जरूर शामिल करें. संतुलित भोजन, सही नींद और फिजिकल एक्टिविटी के साथ ये फूड्स शरीर के समग्र विकास में मदद करते हैं और हाइट को बनाए रखने में भी सहायक होते हैं.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra