नागपुर टी20 मुकाबले में संजू सैमसन से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह फिर से नाकाम रहे. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 7 गेंदों में 10 रन बनाए और अपना विकेट गंवा बैठे. काइल जेमिसन के ओवर में उन्होंने दो चौके लगाकर अच्छी शुरुआत की थी, जिससे लगा कि वह लय में हैं. लेकिन अगली ही गेंद पर उन्होंने फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश की और शॉर्ट मिडविकेट पर खड़े रचिन रवींद्र को आसान कैच थमा दिया. यह आउट होना संजू के लिए काफी निराशाजनक रहा, क्योंकि उन्हें एक बार फिर खुद को साबित करने का मौका मिला था.
लगातार खराब प्रदर्शन ने बढ़ाई चिंता
अगर संजू सैमसन के पिछले 12 टी20 इंटरनेशनल मैचों के आंकड़े देखें तो तस्वीर कुछ खास अच्छी नहीं है. इन 12 पारियों में उन्होंने सिर्फ 232 रन बनाए हैं. उनका औसत 19.33 का रहा है, जो किसी टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के लिए काफी कमजोर माना जाता है. वहीं, उनका स्ट्राइक रेट भी 127.47 है, जो टी20 फॉर्मेट में प्रभावी नहीं माना जाता. एशिया कप के दौरान भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल पाई थी, क्योंकि टीम मैनेजमेंट शुभमन गिल को ज्यादा प्राथमिकता दे रहा था. ऐसे में लगातार फ्लॉप शो संजू के करियर के लिए चिंता की बात बनता जा रहा है.
वर्ल्ड कप की टीम में जगह पर खतरा
पिछली 12 टी20 पारियों में संजू सैमसन सिर्फ एक अर्धशतक लगा पाए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 39 रन रहा है, जो किसी मैच विनर खिलाड़ी के लिए निराशाजनक आंकड़ा है. इन पारियों में तीन बार तो वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए. दिलचस्प बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टीम इंडिया ने संजू के साथ-साथ ईशान किशन को भी मौका दिया है. अगर संजू ऐसे ही फेल होते रहे और ईशान किशन ने अच्छा प्रदर्शन कर दिया, तो प्लेइंग इलेवन में संजू की जगह बनाना मुश्किल हो सकता है. हालांकि, ईशान किशन भी इस मैच में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए.
अभिषेक शर्मा ने चमकाई टीम की उम्मीद
जहां संजू सैमसन फ्लॉप रहे, वहीं उनके ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा ने शानदार पारी खेली. अभिषेक ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 4 छक्के और 3 चौकों की मदद से टीम को तेज शुरुआत दिलाई. इस पारी के दौरान उन्होंने छक्कों के मामले में युवराज सिंह को भी पीछे छोड़ दिया, जो उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. अभिषेक की इस आक्रामक बल्लेबाजी ने एक बार फिर दिखा दिया कि वह टीम इंडिया के लिए एक मजबूत विकल्प बनते जा रहे हैं.