दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बड़ा फेरबदल करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड अब ए प्लस ग्रेड को पूरी तरह खत्म कर सकता है। फिलहाल इस ग्रेड में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। ए प्लस ग्रेड के तहत इन खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं। लेकिन अब अगर यह ग्रेड हटाया गया, तो इन सभी को भारी सैलरी कटौती का सामना करना पड़ेगा। आगे से बीसीसीआई सिर्फ ए, बी और सी ग्रेड ही रखेगी।
रोहित-विराट की सैलरी में कटौती तय
रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित शर्मा और विराट कोहली को बी ग्रेड में शिफ्ट किया जा सकता है। अभी बी ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 3 करोड़ रुपये मिलते हैं। यानी दोनों की सैलरी सीधे 7 करोड़ से घटकर 3 करोड़ हो जाएगी। रवींद्र जडेजा को भी बी ग्रेड में डाला जा सकता है। वहीं, जसप्रीत बुमराह को ए ग्रेड में रखा जा सकता है। फिलहाल ए ग्रेड के खिलाड़ियों को 5 करोड़ रुपये मिलते हैं। अगर यह रकम नहीं बदली गई, तो बुमराह को भी 2 करोड़ रुपये का नुकसान होगा।
कितने खिलाड़ियों के पास कौन सा ग्रेड?
फिलहाल बीसीसीआई ने कुल 34 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया हुआ है। इनमें सबसे ज्यादा 19 खिलाड़ी सी ग्रेड में हैं। बी ग्रेड में 5 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि ए ग्रेड में 6 खिलाड़ी मौजूद हैं। ए प्लस ग्रेड में केवल 4 खिलाड़ी हैं।
ए प्लस ग्रेड में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा शामिल हैं।
ए ग्रेड में मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत हैं।
बी ग्रेड में सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर शामिल हैं।
युवा खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या
सी ग्रेड में सबसे ज्यादा युवा और नए खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वॉशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान और ईशान किशन जैसे नाम हैं। इसके अलावा अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा भी इस लिस्ट में हैं। माना जा रहा है कि बीसीसीआई प्रदर्शन के आधार पर कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को और सख्त बनाने की तैयारी में है, ताकि सीनियर और युवा खिलाड़ियों के बीच संतुलन बना रहे।