ठंड और बढ़ते प्रदूषण के कारण कई लोग बाहर निकलना कम कर देते हैं और धीरे-धीरे एक्सरसाइज भी छोड़ देते हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि ऐसा करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। नियमित व्यायाम न करने से शरीर की एक्टिविटी घटती है, जिससे फेफड़ों की क्षमता कम होने लगती है। इसका सीधा असर दिल पर भी पड़ता है। एक्सरसाइज से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और इम्युनिटी मजबूत रहती है। अगर आप इसे पूरी तरह छोड़ देते हैं, तो धीरे-धीरे थकान, सांस की दिक्कत और सुस्ती जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए इस मौसम में भी एक्टिव रहना बेहद जरूरी है।
दिल और फेफड़ों पर पड़ता है सीधा असर
दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. वरुण बंसल के मुताबिक, ठंड और प्रदूषण की वजह से एक्सरसाइज छोड़ना सही नहीं है। इससे फेफड़ों की क्षमता घटती है और शरीर में सूजन बढ़ने लगती है। यही सूजन आगे चलकर हार्ट की बीमारियों का कारण बन सकती है। जब फेफड़े ठीक से काम नहीं करते, तो दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। बाहर न जाना समझदारी है, लेकिन घर के अंदर भी कोई फिजिकल एक्टिविटी न करना नुकसानदेह साबित हो सकता है। रोजाना हल्की एक्सरसाइज करना जरूरी है।
लंग्स की जांच क्यों है जरूरी?
लंग्स वैलनेस सेंटर की डॉ. नेहा वधेरा बताती हैं कि फेफड़ों और दिल की बीमारियां धीरे-धीरे बढ़ती हैं और शुरुआत में इनके लक्षण साफ नजर नहीं आते। जब तक लक्षण दिखते हैं, तब तक बीमारी गंभीर हो चुकी होती है। इसलिए समय-समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। अगर आपको छाती में जकड़न, सांस लेने में दिक्कत, या रात में ज्यादा खांसी आती है, तो इसे हल्के में न लें। डॉक्टर स्पाइरोमेट्री, चेस्ट एक्स-रे जैसे टेस्ट से फेफड़ों की स्थिति जांचते हैं। समय पर जांच से बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।
हार्ट टेस्ट और एक्सरसाइज दोनों जरूरी
डॉ. नेहा वधेरा के अनुसार, सर्दियों में लोग कम एक्टिव हो जाते हैं, जो दिल के लिए अच्छा नहीं है। इस मौसम में हार्ट अटैक के मामले भी ज्यादा सामने आते हैं। अगर आपको हल्का सा भी सीने में दर्द, सांस फूलना या बेचैनी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ईसीजी, टीएमटी और एक्स-रे जैसे टेस्ट से दिल की स्थिति का पता लगाया जाता है। डॉक्टरों की सलाह है कि रोज कम से कम 15 मिनट घर के अंदर एक्सरसाइज जरूर करें। इससे आपकी फिटनेस बनी रहेगी और दिल-फेफड़े दोनों स्वस्थ रहेंगे।