Delhi में ठंड का कहर! पारा 3 डिग्री तक लुढ़का, ऑरेंज अलर्ट जारी, अगले 48 घंटे और बढ़ाएंगे कंपकंपी

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर अब साफ तौर पर दिल्ली में दिखने लगा है. राजधानी में इस समय भीषण ठंड पड़ रही है और तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. मौसम विभाग ने इसे गंभीर मानते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में इस समय शीतलहर चल रही है, जिससे लोगों को सुबह और रात के समय ज्यादा परेशानी हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, जब न्यूनतम तापमान 5 डिग्री या उससे नीचे चला जाता है, तो शीतलहर की स्थिति बन जाती है. अगले दो दिन तक ठंड का यही हाल बने रहने की संभावना है.

NCR में ठंड का रिकॉर्ड, रेवाड़ी माइनस में

सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री रहा. हवा में नमी का स्तर 100 से 53 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड किया गया. दिल्ली का आयानगर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज हुआ. पालम और रिज जैसे इलाकों में भी तापमान 4 डिग्री से नीचे रहा. वहीं NCR में रेवाड़ी का तापमान माइनस में चला गया और वहां न्यूनतम तापमान -0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कई जगहों पर भीषण शीतलहर की स्थिति देखी गई.

पालम और सफदरजंग में टूटा रिकॉर्ड

सफदरजंग स्थित मुख्य मौसम केंद्र में सोमवार की सुबह पिछले दो सालों की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई. यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन में पहली बार 4 डिग्री से नीचे गया है. यह इस मौसम का दूसरा कोल्ड वेव वाला दिन रहा. वहीं, पालम में रविवार को दर्ज 3 डिग्री सेल्सियस तापमान पिछले 13 सालों में सबसे कम रहा. इससे पहले 7 जनवरी 2013 को यहां 2.6 डिग्री दर्ज किया गया था. पालम का सबसे ठंडा दिन 11 जनवरी 1967 को था, जब तापमान -2.2 डिग्री तक गिर गया था.

कब मिलेगी ठंड से राहत?

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है. सफदरजंग में तापमान 3 डिग्री या उससे नीचे जा सकता है. दिल्ली के अधिकतर इलाकों में तापमान 3 से 4 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. अगर ऐसा हुआ तो लगातार तीसरे दिन कोल्ड वेव दर्ज हो सकती है. हालांकि, 16 और 17 जनवरी के आसपास लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं की दिशा बदलने की संभावना है, जिससे पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं कुछ हद तक रुकेंगी. इससे ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra