Shahid Kapoor का खतरनाक अवतार! ‘ओ रोमियो’ टीजर ने मचाया तहलका, क्या ये अंडरवर्ल्ड की सच्ची कहानी है?

विशाल भारद्वाज की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ओ रोमियो’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है. लंबे समय से जिस टीजर का फैंस इंतजार कर रहे थे, वह आते ही सोशल मीडिया पर छा गया. टीजर में शाहिद कपूर का इंटेंस और दमदार अंदाज देखने को मिला, जिसने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. फिल्म वैलेंटाइन वीक में रिलीज होने वाली है, ऐसे में इसका रोमांस और क्राइम का तड़का दर्शकों को खासा पसंद आ सकता है. लेकिन टीजर के आखिर में लिखी लाइन “सच्ची घटनाओं से प्रेरित” ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी है. यही वजह है कि अब लोग फिल्म की कहानी को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं.

क्या अंडरवर्ल्ड से जुड़ी है कहानी?

टीजर के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या ‘ओ रोमियो’ असल जिंदगी की किसी अंडरवर्ल्ड कहानी से प्रेरित है. कई यूजर्स का मानना है कि शाहिद कपूर का किरदार कुख्यात गैंगस्टर हुसैन उस्तरा से जुड़ा हो सकता है, जो कभी दाऊद इब्राहिम का दुश्मन था. वहीं, तृप्ति डिमरी के किरदार को लेकर कहा जा रहा है कि वह सपना दीदी जैसी किसी महिला पर आधारित हो सकती हैं. सपना दीदी की कहानी बदले और संघर्ष से जुड़ी बताई जाती है. हालांकि, इन बातों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन टीजर ने लोगों की जिज्ञासा जरूर बढ़ा दी है.

नेटिजन्स ने बनाई अपनी थ्योरी

टीजर देखने के बाद नेटिजन्स ने अपनी-अपनी थ्योरी बनानी शुरू कर दी हैं. कुछ लोगों का कहना है कि फिल्म में शाहिद का किरदार हुसैन उस्तरा जैसा हो सकता है, जो एक खतरनाक लेकिन इमोशनल गैंगस्टर था. वहीं, तृप्ति डिमरी का किरदार एक ऐसी महिला का हो सकता है, जो अपने पति की हत्या का बदला लेना चाहती है. सोशल मीडिया पर एक यूजर ने तो पूरी कहानी ही गढ़ दी, जिसमें बताया गया कि दोनों मिलकर दाऊद जैसे किसी बड़े अपराधी को मारने की योजना बनाते हैं. हालांकि, उनकी कोशिशें नाकाम हो जाती हैं और कहानी एक दर्दनाक मोड़ ले लेती है. इन कयासों ने फिल्म को और रहस्यमय बना दिया है.

शानदार स्टारकास्ट और रिलीज डेट

‘ओ रोमियो’ सिर्फ अपनी कहानी ही नहीं, बल्कि अपनी स्टारकास्ट को लेकर भी सुर्खियों में है. फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी, अविनाश तिवारी और फरीदा जलाल जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे. विशाल भारद्वाज का निर्देशन इस फिल्म को और खास बनाता है, क्योंकि वह अपनी अलग स्टोरीटेलिंग के लिए जाने जाते हैं. फिल्म 13 फरवरी को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है. अब देखना यह होगा कि क्या ये कहानी वाकई किसी सच्ची घटना पर आधारित है या फिर सिर्फ सस्पेंस बढ़ाने की एक चाल.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra