Captain की सेंचुरी, 393 रन और 160 पर ढेर अफ्रीका, अंडर-19 टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में किया क्लीन स्वीप

भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप किया. बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को एकतरफा अंदाज में हराया. इस जीत के साथ ही युवा कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने बतौर कप्तान अपनी पहली ही सीरीज जीतकर मजबूत शुरुआत की. पूरी सीरीज में भारतीय टीम हर विभाग में साउथ अफ्रीका से आगे नजर आई और आखिरी मैच में तो मुकाबला पूरी तरह भारत के पक्ष में रहा.

वैभव और एरॉन की धमाकेदार शतकीय साझेदारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. भारत ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 393 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने जिम्मेदारी भरी कप्तानी पारी खेलते हुए 127 रन बनाए. उनके साथ ओपनर एरॉन जॉर्ज ने भी शानदार शतक जमाया और 118 रनों की पारी खेली. दोनों के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने मैच को शुरुआती ओवरों में ही भारत के पक्ष में मोड़ दिया. इसके अलावा वेदांत त्रिवेदी ने 34 और मोहम्मद एनां ने 28 रनों का अहम योगदान दिया.

393 के जवाब में अफ्रीकी टीम पूरी तरह फेल

394 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका अंडर-19 टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई. शुरुआती ओवरों से ही विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया. भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर मेजबान टीम को संभलने का मौका नहीं दिया. डेनियल बोसमैन और पॉल जेम्स ने थोड़ी देर संघर्ष किया. पॉल जेम्स ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, जबकि बोसमैन ने 40 रनों की पारी खेली. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका और पूरी टीम 35 ओवर में सिर्फ 160 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

किशन सिंह की घातक गेंदबाजी

भारतीय गेंदबाजी में किशन सिंह सबसे ज्यादा प्रभावी साबित हुए. उन्होंने महज 4 ओवर में 15 रन देकर 3 अहम विकेट झटके और साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. मोहम्मद एनां ने भी 2 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा हेनिल पटेल, कनिष्क चौहान, उद्धव मोहन, आरएस अंबरीश और कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने 1-1 विकेट हासिल किया. गेंदबाजों के इस सामूहिक प्रदर्शन ने भारत की जीत को और भी शानदार बना दिया और टीम इंडिया ने सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप दर्ज किया.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra