Historic: 14 साल का कप्तान, रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड! वैभव सूर्यवंशी ने साउथ अफ्रीका में रच दिया भारतीय क्रिकेट का नया इतिहास

भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा मिल चुका है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक कोई नहीं कर पाया। साउथ अफ्रीका दौरे पर अंडर-19 टीम की कप्तानी करते हुए वैभव सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल सीरीज जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। महज 14 साल की उम्र में पहली बार कप्तानी संभालते हुए उन्होंने भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त दिला दी। दूसरे वनडे में भारत ने साउथ अफ्रीका को DLS नियम के तहत 8 विकेट से हराया और सीरीज अपने नाम कर ली।

चोटों के बीच मिली जिम्मेदारी, वैभव बने लीडर

असल में इस सीरीज के लिए नियमित कप्तान आयुष म्हात्रे और उप-कप्तान विहान मल्होत्रा चोटिल हो गए थे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने भरोसा जताते हुए इतनी छोटी उम्र में वैभव सूर्यवंशी को कप्तानी सौंप दी। कप्तान बनते ही वैभव ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और अब सीरीज जीतकर इतिहास भी रच दिया। दिलचस्प बात ये रही कि सीरीज के दोनों मुकाबलों में बारिश और बिजली चमकने के कारण खेल बाधित हुआ, मैच छोटे किए गए, लेकिन हर बार नतीजा भारत के पक्ष में ही गया।

कप्तान का बल्ला बोला, 24 गेंदों में 68 रन

दूसरे वनडे में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि साउथ अफ्रीका की टीम संभल ही नहीं पाई। 246 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने टी20 अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 24 गेंदों में 68 रन बना डाले। इस दौरान उनके बल्ले से 10 छक्के और 1 चौका निकला। 9वें ओवर में आउट होने तक भारत का स्कोर 95 रन हो चुका था। इसके बाद अभिज्ञान कुंडू और वेदांत त्रिवेदी ने मैच को संभाला और DLS के तहत मिले लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

किशन सिंह की घातक गेंदबाजी, चार विकेट चटकाए

इस जीत की नींव गेंदबाज किशन सिंह ने रखी। उन्होंने साउथ अफ्रीका के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह तोड़ दिया। टीम ने 57 रन पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए, जो सभी किशन सिंह ने लिए। जेसन रोवल्स ने जरूर 114 रन की पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन उनका विकेट भी किशन ने ही झटका। किशन सिंह ने 8.3 ओवर में 46 रन देकर 4 विकेट लिए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post