न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान होते ही एक चौंकाने वाला फैसला सामने आया है। चयनकर्ताओं ने उस खिलाड़ी को टीम से बाहर कर दिया, जिसने पिछली सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं। यहां बात हो रही है ऋतुराज गायकवाड़ की, जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रायपुर वनडे में बेहतरीन शतक जड़ा था। इसके बावजूद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में जगह नहीं दी गई, जिससे क्रिकेट फैंस हैरान हैं।
शतक के बाद भी क्यों बाहर हुए गायकवाड़
ऋतुराज गायकवाड़ ने रायपुर वनडे में 105 रन की शानदार पारी खेली थी। हालांकि, इसके बाद विशाखापत्तनम वनडे में उन्हें बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला। अब सीधे तौर पर उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। यह फैसला फैंस को समझ नहीं आ रहा है। गायकवाड़ का घरेलू क्रिकेट में भी फॉर्म शानदार चल रहा है, फिर भी चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया, जिससे चयन नीति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर BCCI के खिलाफ नाराजगी
बीसीसीआई के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है। फैंस लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर ऋतुराज गायकवाड़ से ऐसी कौन सी गलती हो गई, जिसकी सजा उन्हें टीम से बाहर होकर मिली। विजय हजारे ट्रॉफी में भी गायकवाड़ शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड के खिलाफ 124 रन बनाए, वहीं मुंबई के खिलाफ 66 रन की अहम पारी खेलकर महाराष्ट्र को जीत दिलाई थी।
इन बड़े खिलाड़ियों को भी नहीं मिला मौका
सिर्फ ऋतुराज गायकवाड़ ही नहीं, बल्कि चार और बड़े नाम भी न्यूजीलैंड वनडे सीरीज की टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। अक्षर पटेल ने सेलेक्शन के दिन विजय हजारे ट्रॉफी में शतक लगाया, फिर भी उन्हें बाहर रखा गया। तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने भी उसी दिन शतक जड़े, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। वहीं मोहम्मद शमी की वापसी की खबरें भी महज अफवाह साबित हुईं।