भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के लिए साल 2026 बेहद खास होने जा रहा है. नए साल का पहला ही मैच वह नीली जर्सी में खेलते नजर आएंगे. खास बात यह है कि वह सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि भारत अंडर-19 टीम के कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे. भारतीय अंडर-19 टीम इस समय साउथ अफ्रीका दौरे पर है, जो आने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है. यह दौरा युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच है.
वैभव सूर्यवंशी को सौंपी बड़ी कमान
इस दौरे पर भारत और साउथ अफ्रीका की अंडर-19 टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी. नियमित कप्तान आयुष म्हात्रे के चोटिल होने के कारण यह जिम्मेदारी वैभव सूर्यवंशी को दी गई है. यह उनके करियर का पहला मौका होगा जब वह भारत अंडर-19 टीम की कप्तानी करेंगे. इतना ही नहीं, यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका डेब्यू भी होगा और पहली बार वह अफ्रीकी धरती पर क्रिकेट खेलते नजर आएंगे.
बल्लेबाजी से पहले ही मचा चुके हैं धूम
वैभव सूर्यवंशी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहले ही चर्चा में हैं. घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 स्तर पर उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. इस सीरीज के जरिए वह न सिर्फ अपनी कप्तानी की काबिलियत दिखाना चाहेंगे, बल्कि वर्ल्ड कप से पहले अपनी बेहतरीन फॉर्म भी बरकरार रखना चाहेंगे. विदेशी परिस्थितियों में यह सीरीज भारतीय टीम के लिए अभ्यास का सुनहरा मौका मानी जा रही है.
स्क्वॉड और सीरीज शेड्यूल
साउथ अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं. टीम में वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), ऐरन जॉर्ज (उपकप्तान), अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर) समेत कुल 15 खिलाड़ी हैं. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला वनडे 3 जनवरी, दूसरा 5 जनवरी और तीसरा 7 जनवरी को खेला जाएगा. तीनों मुकाबले बेनोनी के विलोमूर पार्क में होंगे.