कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान की सगाई की चर्चाओं के बीच गांधी-वाड्रा परिवार इन दिनों सुर्खियों में है। इसी सिलसिले में राहुल गांधी और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा अपने परिवार के साथ राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर पहुंचे हैं। परिवार यहां मशहूर होटल शेरबाग में ठहरा हुआ है। बताया जा रहा है कि वे अगले दो दिनों तक रणथंभौर में ही रहेंगे और नए साल का जश्न भी होटल परिसर में ही मनाएंगे।
होटल शेरबाग में कड़ी सुरक्षा
गांधी-वाड्रा परिवार की मौजूदगी को देखते हुए होटल शेरबाग और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन और पुलिस के जवान होटल के चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। होटल तक जाने वाले रास्तों पर भी आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं ताकि परिवार की निजता और सुरक्षा बनी रहे। पूरे दिन परिवार होटल परिसर में ही रहा और किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ।
न्यू ईयर और संभावित रिंग सेरेमनी
31 दिसंबर की रात होटल शेरबाग में नए साल का जश्न मनाया जाएगा। इसी दिन होटल के मालिक जैसल सिंह के जुड़वा बेटे और बेटी का जन्मदिन भी है, जिसे लेकर बर्थडे सेलिब्रेशन की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार, बेहद निजी और अनौपचारिक तरीके से रेहान गांधी और अवीवा बेग की रिंग सेरेमनी की एक औपचारिक रस्म भी निभाई जा सकती है। हालांकि इस बारे में गांधी परिवार या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
निजी दौरा, पारिवारिक रिश्ता
यह पूरा दौरा बेहद निजी बताया जा रहा है। होटल शेरबाग के मालिक जैसल सिंह का गांधी-वाड्रा परिवार से पारिवारिक संबंध है। जानकारी के मुताबिक, जैसल सिंह के आग्रह पर ही गांधी-वाड्रा परिवार उनके बच्चों के जन्मदिन समारोह और नए साल का जश्न मनाने रणथंभौर पहुंचा है। इसी कारण परिवार की गतिविधियों को पूरी तरह निजी रखा गया है और किसी भी कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया जा रहा।