विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म द केरला स्टोरी ने रिलीज के समय देशभर में जबरदस्त चर्चा पैदा की थी। अपनी गंभीर और प्रभावशाली कहानी के चलते फिल्म ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। यही नहीं, फिल्म को बेस्ट डायरेक्शन और बेस्ट सिनेमैटोग्राफी के लिए नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजा गया। अब इसी फिल्म के सीक्वल द केरला स्टोरी 2 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने एक बार फिर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
कड़ी सुरक्षा में पूरी हुई शूटिंग
ताज़ा जानकारी के मुताबिक, द केरला स्टोरी 2 की शूटिंग बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच पूरी की जा चुकी है। यह फिल्म भी केरल की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसकी कहानी पहले से ज्यादा गहरी और गंभीर बताई जा रही है। इंडस्ट्री से जुड़े एक इंडिपेंडेंट सोर्स के अनुसार, प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते थे। इसी वजह से शूटिंग को पूरी तरह कंट्रोल और सुरक्षित माहौल में अंजाम दिया गया, ताकि किसी तरह की रुकावट या विवाद न हो।
सेट पर मोबाइल तक थे बैन
सोर्स के अनुसार, फिल्म की शूटिंग के दौरान कास्ट और क्रू को मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की इजाजत तक नहीं थी। इसका मकसद साफ था—सेट से किसी भी तरह की जानकारी या तस्वीर लीक न हो। फिल्म के कास्ट और डायरेक्टर को लेकर भी अभी तक पूरी तरह गोपनीयता बरती जा रही है। मेकर्स चाहते हैं कि दर्शकों को हर जानकारी सीधे रिलीज के समय ही मिले, जिससे सस्पेंस और असर दोनों बने रहें।
27 फरवरी 2026 को रिलीज
फिल्म से जुड़े एक एग्जीबिटर के हवाले से बताया गया है कि द केरला स्टोरी 2 की रिलीज डेट 27 फरवरी 2026 तय कर दी गई है। यह खबर इसलिए भी खास है क्योंकि पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थी। द केरला स्टोरी ने पहले दिन ही 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी और दूसरे वीकेंड से पहले ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई थी। ऐसे में दर्शकों को अब इसके सीक्वल से भी बड़ी उम्मीदें हैं।