1.2 Million फॉलोअर्स, अपराध का नेटवर्क और ED की रेड, कौन है स्ट्रॉन्गमैन इंद्रजीत सिंह यादव?

इंद्रजीत सिंह यादव एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक में उसके और उसके करीबियों के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। ED की जांच में इंद्रजीत को एक कुख्यात स्ट्रॉन्गमैन बताया गया है, जो अपराध, अवैध वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग के संगठित नेटवर्क का मुख्य चेहरा है। सोशल मीडिया पर उसकी बड़ी मौजूदगी है और इंस्टाग्राम पर उसके 1.2 मिलियन फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

म्यूजिक कंपनी की आड़ में अपराध

इंद्रजीत सिंह यादव M/s Gem Records Entertainment Pvt. Ltd. का मालिक और नियंत्रक है, जो Gems Tunes नाम से काम करती है। हालांकि जांच एजेंसियों का दावा है कि संगीत और मनोरंजन की आड़ में वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। पुलिस और ED रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर हत्या, अवैध वसूली, धोखाधड़ी, जमीन कब्जा, हथियारों से धमकाने और हिंसक अपराधों में शामिल होने जैसे गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

15 से ज्यादा FIR, विदेश से ऑपरेशन

ED ने यह जांच हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज 15 से ज्यादा FIR और चार्जशीट के आधार पर शुरू की है। ये केस आर्म्स एक्ट, IPC और नए BNS कानून की धाराओं के तहत दर्ज हैं। इंद्रजीत सिंह यादव फिलहाल हरियाणा पुलिस के लिए वांछित है। जांच एजेंसियों का कहना है कि वह इस समय UAE से अपने नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है और फरार चल रहा है।

कमीशन, काली कमाई और जब्ती

ED की जांच में सामने आया है कि इंद्रजीत ने खुद को कॉरपोरेट विवादों में एक ‘एनफोर्सर’ के रूप में स्थापित कर लिया था। आरोप है कि वह निजी फाइनेंसरों और बड़े कॉरपोरेट हाउस के बीच कर्ज विवादों को धमकी और हथियारबंद गुर्गों के जरिए सुलझाता था और इसके बदले भारी कमीशन वसूलता था। ED को रेड के दौरान 5 लग्जरी कारें, 17 लाख रुपये नकद, बैंक लॉकर, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध कमाई से कई संपत्तियां उसके और परिवार के नाम पर खरीदी गईं।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra