टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी एक खबर ने क्रिकेट फैंस को भी चौंका दिया है। टीवी एक्ट्रेस खुशी मुखर्जी ने भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर बड़ा दावा किया है। खुशी का कहना है कि सूर्यकुमार यादव उन्हें देर रात मैसेज किया करते थे। हालांकि अब दोनों के बीच बातचीत बंद हो चुकी है। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। खुशी पहले से ही अपने बोल्ड ड्रेसिंग स्टाइल और बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं, ऐसे में उनका यह बयान और ज्यादा ध्यान खींच रहा है।
इंटरव्यू में क्या बोलीं खुशी
एक इंटरव्यू के दौरान खुशी मुखर्जी ने कहा कि कई क्रिकेटर उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो करते थे और उनसे बातचीत भी करते थे। उन्होंने साफ तौर पर कहा, “सूर्यकुमार यादव मुझे अक्सर मैसेज करते थे, लेकिन अब हम ज्यादा बात नहीं करते।” खुशी ने यह भी जोड़ा कि उन्हें अपना नाम किसी के साथ जोड़ना पसंद नहीं है और न ही किसी तरह के लिंकअप में विश्वास है। उनके मुताबिक, लोगों द्वारा बेवजह नाम जोड़ना गलत है और असल में ऐसा कोई रिश्ता नहीं था। इस बयान के बाद फैंस के बीच बहस छिड़ गई है।
खुशी मुखर्जी कौन हैं?
खुशी मुखर्जी का जन्म कोलकाता में हुआ और वह 29 साल की हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2013 में तमिल फिल्म ‘अंजलि थुरई’ से की थी। इसके बाद उन्होंने तेलुगु और हिंदी फिल्मों में भी काम किया। हालांकि, उन्हें असली पहचान भारतीय टेलीविजन और रियलिटी शोज से मिली। एमटीवी के चर्चित शो ‘स्प्लिट्सविला 10’ और ‘लव स्कूल 3’ में नजर आने के बाद खुशी काफी पॉपुलर हो गईं। सोशल मीडिया पर वह अपने एक्सप्लिसिट और बोल्ड आउटफिट्स को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं।
चोरी और निजी जिंदगी का दर्द
इस विवाद से पहले खुशी मुखर्जी एक और वजह से खबरों में थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके कुछ दोस्तों ने उन्हें नशीली दवा देकर उनके घर से कीमती गहने चुरा लिए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई थी। खुशी ने कहा था कि दोस्त ही दुश्मन बन जाते हैं और सफलता के साथ जलन बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह मानसिक रूप से काफी टूट चुकी हैं और कभी-कभी हार मानने का मन करता है। उनके इन बयानों ने उनकी निजी जिंदगी की परेशानियों को भी उजागर किया।