अगर आप पहली बार नौकरी शुरू करने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है. मिनिस्ट्री ऑफ लेबर एंड एम्प्लॉयमेंट ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत एक बड़ी घोषणा की है. इसके अनुसार, पहली बार नौकरी करने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. यह राशि उन कर्मचारियों को मिलेगी जो पहली बार EPFO (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) में रजिस्टर्ड होंगे. सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है.
किन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ
इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलेगा, जो पहली बार EPFO में रजिस्ट्रेशन कराएंगे. यानी अगर आपने पहले कभी नौकरी नहीं की और अब किसी कंपनी में जॉइन करते हैं, जहां आपका PF कटता है, तो आप इस योजना के पात्र होंगे. EPFO में रजिस्ट्रेशन होते ही आपका PF अकाउंट एक्टिव हो जाता है. इसके बाद आप प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन कर सकते हैं. योजना से जुड़ी पूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट pmvry.labour.gv.in पर उपलब्ध है.
कैसे करें रजिस्ट्रेशन और लें फायदा
इस योजना का लाभ लेना बेहद आसान है. नौकरी शुरू करते ही आपका नियोक्ता EPFO में आपका अकाउंट खुलवाता है. PF अकाउंट खुलते ही आप EPFO में रजिस्टर्ड कर्मचारी बन जाते हैं. इसके बाद आपको pmvry.labour.gv.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा. यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और आप घर बैठे आवेदन कर सकते हैं. आवेदन सफल होने पर सरकार की ओर से 15,000 रुपये की राशि आपको इंसेंटिव के रूप में दी जाती है.
पीएफ निकासी के नए नियम जानिए
अगर आप पहले से EPFO में रजिस्टर्ड हैं, तो PF से पैसा निकालने के नियम भी जानना जरूरी है. नए नियमों के मुताबिक, नौकरी छूटने पर आप तुरंत अपने PF का 75% निकाल सकते हैं. अगर 12 महीने तक नौकरी नहीं मिलती, तो बाकी 25% भी निकाल सकते हैं. शादी के लिए 7 साल की सर्विस के बाद 50% तक निकासी संभव है. बीमारी की स्थिति में खुद या परिवार के इलाज के लिए पूरी PF राशि या 6 महीने की सैलरी तक निकाली जा सकती है. इसके लिए सर्विस अवधि की कोई शर्त नहीं है.