हिंदू धर्म में एकादशी की तिथियों का विशेष महत्व माना जाता है। यह व्रत भगवान विष्णु को समर्पित होता है। मान्यता है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से एकादशी व्रत करता है, उसे सभी पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन की समस्याओं से छुटकारा मिलता है। ऐसा व्यक्ति अपने जीवन में सुख-समृद्धि पाता है और मृत्यु के बाद स्वर्ग को प्राप्त होता है।
एकादशी की तिथि और संख्या
ज्योतिषाचार्य डॉ. अनीष व्यास के अनुसार एकादशी ग्यारहवीं तिथि को आती है और यह प्रत्येक माह में दो बार होती है। एक बार शुक्ल पक्ष के बाद और दूसरी बार कृष्ण पक्ष के बाद। इस प्रकार एक साल में कुल 24 एकादशी तिथियां होती हैं। पूर्णिमा के बाद आने वाली एकादशी कृष्ण पक्ष की और अमावस्या के बाद आने वाली शुक्ल पक्ष की एकादशी कहलाती है। हर एकादशी का अपना अलग धार्मिक महत्व है।
एकादशी व्रत का धार्मिक महत्व
एकादशी व्रत सभी व्रतों में श्रेष्ठ माना गया है। इसका पालन करने से जातक मोक्ष प्राप्त करता है, सभी कार्य सिद्ध होते हैं, शत्रु नष्ट होते हैं, धन, ऐश्वर्य और कीर्ति प्राप्त होती है। पितरों का आशीर्वाद भी मिलता है। यह व्रत जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति और सभी पापों से छुटकारा दिलाने वाला माना गया है।
यज्ञ और वैदिक कर्मों से भी अधिक फलदायक
पुराणों के अनुसार एकादशी का व्रत यज्ञ और अन्य वैदिक कर्मों से भी अधिक पुण्य देता है। स्कंद पुराण और पदम पुराण में इस व्रत की महिमा का उल्लेख है। इसे करने से पितरों को संतुष्टि मिलती है और जाने-अनजाने में किए गए पाप समाप्त हो जाते हैं।
एकादशी व्रत की साधना और अनुशासन
एकादशी शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है– ‘एक’ और ‘दशा’। इसका अर्थ है कि हमें अपनी दस इंद्रियों और एक मन को सांसारिक वस्तुओं से दूर कर ईश्वर की भक्ति में लगाना चाहिए। यह व्रत केवल भगवान को प्रसन्न करने और आध्यात्मिक साधना के लिए किया जाता है।
साल 2026 में आने वाली एकादशी तिथियां
षटतिला एकादशी – 14 जनवरी 2026
जया एकादशी – 29 जनवरी 2026
विजया एकादशी – 13 फरवरी 2026
आमलकी एकादशी – 27 फरवरी 2026
पापमोचिनी एकादशी – 15 मार्च 2026
कामदा एकादशी – 29 मार्च 2026
वरुथिनी एकादशी – 13 अप्रैल 2026
मोहिनी एकादशी – 27 अप्रैल 2026
अपरा एकादशी – 13 मई 2026
पद्मिनी एकादशी – 27 मई 2026
परम एकादशी – 11 जून 2026
निर्जला एकादशी – 25 जून 2026
योगिनी एकादशी – 10 जुलाई 2026
देवशयनी एकादशी – 25 जुलाई 2026
कामिका एकादशी – 9 अगस्त 2026
श्रावण पुत्रदा एकादशी – 23 अगस्त 2026
अजा एकादशी – 7 सितंबर 2026
परिवर्तिनी एकादशी – 22 सितंबर 2026
इन्दिरा एकादशी – 6 अक्टूबर 2026
पापांकुशा एकादशी – 22 अक्टूबर 2026
रमा एकादशी – 5 नवंबर 2026
देवुत्थान एकादशी – 20 नवंबर 2026
उत्पन्ना एकादशी – 4 दिसंबर 2026
मोक्षदा एकादशी – 20 दिसंबर 2026
एकादशी व्रत न केवल भगवान विष्णु को प्रसन्न करता है बल्कि व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक और सांसारिक सुख-समृद्धि भी लाता है। साल 2026 में सभी एकादशी तिथियों का पालन करना भक्तों के लिए अत्यंत लाभकारी माना गया है।