Health care: ठंड के मौसम में जोड़ों की सूजन से परेशान? हो सकती है यूरिक एसिड की समस्या, जानें बचाव

सर्दियों के मौसम में कई लोगों को जोड़ों में दर्द, सूजन और चलने-फिरने में परेशानी होने लगती है। अक्सर लोग इसे ठंड का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह बढ़े हुए यूरिक एसिड का संकेत भी हो सकता है। जिन लोगों को पहले से यूरिक एसिड की समस्या रहती है, उन्हें सर्दियों में ज्यादा दिक्कत महसूस होती है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि ठंड के मौसम में लोग गर्मियों के मुकाबले कम पानी पीते हैं, जिससे यूरिक एसिड शरीर से ठीक से बाहर नहीं निकल पाता।

खानपान और लाइफस्टाइल बनती है वजह

दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, सर्दियों में लोगों की डाइट और दिनचर्या बदल जाती है। इस मौसम में मांस, अंडा और ड्राई फ्रूट्स का सेवन ज्यादा किया जाता है। इन खाद्य पदार्थों में प्यूरिन की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर में जाकर यूरिक एसिड को बढ़ा देता है। इसके अलावा ठंड की वजह से फिजिकल एक्टिविटी भी कम हो जाती है, जिससे मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ता है और यूरिक एसिड शरीर में जमा होने लगता है।

जोड़ों में क्यों होता है दर्द और सूजन

जब यूरिक एसिड का स्तर ज्यादा हो जाता है, तो इसके छोटे-छोटे क्रिस्टल जोड़ों में जमा होने लगते हैं। इससे जोड़ों में सूजन, अकड़न और तेज दर्द की समस्या पैदा होती है। कई बार यह दर्द अचानक शुरू होता है और चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है। जिन लोगों को पहले से यह परेशानी है, उनमें सर्दियों में लक्षण और ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।

यूरिक एसिड बढ़ने के आम लक्षण

बढ़े हुए यूरिक एसिड का सबसे आम लक्षण पैर के अंगूठे में अचानक तेज दर्द होना है। इसके अलावा घुटनों में दर्द, जोड़ों में सूजन और सुबह उठते समय चलने में परेशानी भी इसके संकेत हो सकते हैं। अगर समय रहते इन लक्षणों पर ध्यान न दिया जाए, तो समस्या आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती है।

गाउट का बढ़ता खतरा

डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि अगर लंबे समय तक यूरिक एसिड बढ़ा रहे, तो इससे गाउट नाम की बीमारी हो सकती है। गाउट में जोड़ों में असहनीय दर्द होता है और मरीज को रोजमर्रा के काम करने में भी दिक्कत होने लगती है। इस बीमारी के इलाज के लिए सही खानपान के साथ-साथ दवाओं का कोर्स भी जरूरी होता है। इसलिए लक्षण दिखते ही डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है।

सर्दियों में कैसे रखें यूरिक एसिड कंट्रोल

सर्दियों में भी शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। रेड मीट, राजमा और हाई-प्यूरिन वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करें। शराब से दूरी बनाना भी फायदेमंद रहता है। इसके साथ ही हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इन आसान उपायों से सर्दियों में यूरिक एसिड को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra