फिजिकल हेल्थ के साथ-साथ मेंटल हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में खानपान का बहुत बड़ा योगदान होता है। बैलेंस डाइट और सही लाइफस्टाइल न सिर्फ शरीर को फिट रखती है, बल्कि दिमाग की कार्यक्षमता को भी मजबूत बनाती है। हर फूड की न्यूट्रिशन वैल्यू अलग होती है और उसका असर भी अलग तरह से शरीर और दिमाग पर पड़ता है। खासतौर पर ओमेगा-3 फैटी एसिड और हेल्दी फैट से भरपूर चीजें ब्रेन और स्किन दोनों के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं। हाल ही में सामने आई एक स्टडी में दावा किया गया है कि सर्दियों में आमतौर पर स्नैक्स के तौर पर खाई जाने वाली मूंगफली याददाश्त बढ़ाने में मदद कर सकती है।
क्या कहती है नई रिसर्च
यह रिसर्च नीदरलैंड्स के Maastricht University Medical Center के शोधकर्ताओं ने की है। इस अध्ययन में 60 से 75 साल की उम्र के 31 स्वस्थ बुजुर्ग लोगों को शामिल किया गया। स्टडी का नाम “स्किन रोस्टेड पीनट्स” रखा गया था। इसमें सभी प्रतिभागियों को 16 हफ्तों तक रोजाना 60 ग्राम मूंगफली खाने को दी गई। उन्हें यह छूट थी कि वे इसे दिन में किसी भी समय खा सकते हैं। तय समय के बाद जब उनके ब्रेन फंक्शन की जांच की गई, तो नतीजे काफी चौंकाने वाले सामने आए।
दिमाग पर मूंगफली का असर
शोध में पाया गया कि रोजाना मूंगफली खाने से दिमाग तक ब्लड फ्लो बेहतर हुआ। cerebral blood flow में करीब 3.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। खास बात यह रही कि दिमाग के उन हिस्सों में ज्यादा ब्लड फ्लो देखा गया, जिनका सीधा संबंध याददाश्त से होता है। इसके साथ ही वर्बल मेमोरी, यानी मौखिक जानकारी को याद रखने की क्षमता में करीब 5.8 प्रतिशत तक सुधार पाया गया। हालांकि शोधकर्ताओं ने यह भी साफ किया कि यह असर हर व्यक्ति में एक जैसा हो, यह जरूरी नहीं है, क्योंकि शरीर की जरूरतें और मेडिकल कंडीशन अलग-अलग होती हैं।
एक्सपर्ट्स क्यों मानते हैं मूंगफली को फायदेमंद
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार मूंगफली हेल्दी फैट का अच्छा सोर्स है। इसमें मौजूद एमयूएफए और पूफा दिमाग के लिए जरूरी होते हैं, क्योंकि ब्रेन का मुख्य ढांचा फैट से ही बना होता है। मूंगफली में विटामिन बी3 दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है और उम्र के साथ याददाश्त कमजोर होने के खतरे को कम करता है। साथ ही इसमें मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो स्ट्रेस हार्मोन को कंट्रोल कर मानसिक बेचैनी और ओवरथिंकिंग को कम करने में मदद करते हैं।
डाइट में कैसे करें शामिल
मूंगफली को डाइट में शामिल करना बेहद आसान है। इसे भिगोकर खाना पाचन के लिए अच्छा माना जाता है। इसके अलावा मूंगफली की चटनी, पोहे में मिलाकर, सूखी भुनी हुई मूंगफली या इसका पाउडर सलाद और फलों पर डालकर भी खाया जा सकता है। बस ध्यान रखें कि मात्रा सीमित हो और जिन लोगों को मूंगफली से एलर्जी है, उन्हें इसका सेवन करने से पहले सावधानी जरूर बरतनी चाहिए।