Health Care: पैरों के दर्द को न करें नजरअंदाज, आपकी ये आदतें बढ़ा सकती हैं परेशानी, जानें बचाव के आसान तरीके

अक्सर लोग पैरों में हल्का दर्द या सूजन होने पर पेन किलर खा लेते हैं या दर्द निवारक बाम लगाकर राहत महसूस करते हैं। लेकिन आराम मिलते ही वे यह जानने की कोशिश नहीं करते कि दर्द की असली वजह क्या है। यही लापरवाही आगे चलकर बड़ी समस्या बन जाती है। धीरे-धीरे दर्द, सूजन और चलने में लड़खड़ाहट बढ़ती जाती है, जिससे उठना-बैठना तक मुश्किल हो सकता है।

रोजमर्रा की आदतें बनती हैं साइलेंट किलर

जिस तरह हम त्वचा, बाल और खानपान का ध्यान रखते हैं, उसी तरह पैरों की देखभाल भी जरूरी है। लेकिन कई रोजमर्रा की गलत आदतें पैरों की हड्डियों, मसल्स और नाजुक टिश्यूज को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाती रहती हैं। शुरुआत में कोई खास लक्षण नहीं दिखता, लेकिन समय के साथ परेशानी गंभीर रूप ले लेती है।

गलत फुटवियर से बढ़ता है दबाव

पैरों की सेहत के लिए सही जूते पहनना बेहद जरूरी है। खासतौर पर जो महिलाएं रोजाना ऊंची हील्स पहनती हैं, उन्हें सावधान रहने की जरूरत है। हाई हील्स से एड़ियों, टखनों, घुटनों और कमर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे दर्द, सूजन और शरीर का पोस्चर बिगड़ सकता है। वहीं, बहुत तंग या हार्ड सोल वाले जूते पहनने से पंजों, उंगलियों और तलवों में दर्द शुरू हो जाता है।

लंबे समय तक नंगे पैर रहना भी नुकसानदायक

घर में या बाहर लंबे समय तक नंगे पैर रहना भी पैरों के लिए नुकसानदेह है। इससे एड़ी में दर्द हो सकता है और तलवों की त्वचा रूखी होकर फटने लगती है। दरारें पड़ने से सूजन और घाव की समस्या हो सकती है। सर्दियों में यह परेशानी और बढ़ जाती है, इसलिए हल्के और आरामदायक फुटवियर पहनना जरूरी है।

एक ही पोजिशन में रहना बढ़ाता है परेशानी

कई लोग घंटों खड़े होकर काम करते हैं, जैसे रसोई में खाना बनाना या बर्तन साफ करना। इससे पैरों में ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है और दर्द व सूजन होने लगती है। वहीं ऑफिस में लंबे समय तक पैर लटकाकर बैठना या पालती मारकर बैठना भी घुटनों और पिंडलियों में दर्द का कारण बनता है। विशेषज्ञों के अनुसार काम के बीच-बीच में ब्रेक लेकर थोड़ा टहलना फायदेमंद होता है।

लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है महंगा

पैरों में लगातार दर्द, सूजन या मसल्स में ऐंठन को हल्के में नहीं लेना चाहिए। छोटी सी चोट या दर्द को नजरअंदाज करने से समस्या और गंभीर हो सकती है। समय पर ध्यान न देने पर इलाज लंबा और मुश्किल हो जाता है।

पैरों को हेल्दी रखने के आसान उपाय

पैरों की सेहत के लिए हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग जरूरी है। रोजाना जॉगिंग, साइकिलिंग, हल्के जंप और घुटनों की एक्सरसाइज करने से मसल्स मजबूत होती हैं। साथ ही डाइट में कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन डी और मैग्नीशियम से भरपूर चीजें शामिल करें। सही आदतों और थोड़ी सी सावधानी से पैरों को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra