बहुत से लोग सुबह उठते ही सिर में भारीपन या तेज दर्द की शिकायत करते हैं। अक्सर इसे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन अगर यह बार-बार हो रहा है तो यह शरीर में किसी छिपी गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, नींद से जागने की प्रक्रिया के दौरान दिमाग की संवेदनशीलता बढ़ जाती है, जिससे दर्द जल्दी महसूस होता है। ऐसे में सुबह होने वाले सिर दर्द के कारणों को समझना बेहद जरूरी है।
नींद की कमी का असर
रात में पर्याप्त नींद न मिलना, देर रात तक मोबाइल या लैपटॉप का इस्तेमाल करना और बार-बार नींद टूटना सीधे तौर पर सुबह उठते ही होने वाले सिर दर्द से जुड़ा होता है। जब शरीर को पूरी नींद नहीं मिलती, तो दिमाग में तनाव बढ़ता है और यही तनाव सुबह उठते ही दर्द के रूप में महसूस होता है।
तनाव और मानसिक दबाव
अगर आप ज्यादा तनाव झेल रहे हैं या मानसिक दबाव में रहते हैं, तो इसका असर आपकी मांसपेशियों पर पड़ता है। खासतौर पर गर्दन और कंधों की मांसपेशियां टाइट होने लगती हैं, जिससे खून का प्रवाह प्रभावित होता है। इसका नतीजा यह होता है कि सुबह जागते ही टेंशन-टाइप सिर दर्द महसूस होने लगता है।
माइग्रेन का ट्रिगर
माइग्रेन से परेशान लोगों के लिए सुबह का समय अक्सर चुनौती भरा होता है। नींद की कमी, तेज रोशनी, मौसम में बदलाव या खाली पेट सोना ये सभी माइग्रेन को ट्रिगर कर सकते हैं। ऐसे में सुबह उठते ही तेज या धड़कन जैसा सिर दर्द होना आम बात है।
स्लीप एपनिया का खतरा
स्लीप एपनिया एक ऐसी समस्या है जिसमें सोते समय सांस बार-बार रुकती है। इसकी वजह से शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती, जिससे सुबह सिर दर्द, चक्कर आना और भारीपन महसूस हो सकता है। लगातार खर्राटे लेना भी इसका प्रमुख संकेत माना जाता है।
डिहाइड्रेशन की भूमिका
रात में पानी न पीना या दिनभर कम पानी पीना भी सुबह सिर दर्द की वजह बन सकता है। जब शरीर में फ्लूड की कमी होती है तो ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं, जिससे दिमाग तक ऑक्सीजन का प्रवाह कम हो जाता है और नतीजतन सिर दर्द शुरू हो जाता है।
शराब और कैफीन का प्रभाव
रात में शराब पीना या कैफीन का ज्यादा सेवन करने से नींद की गुणवत्ता खराब हो जाती है। इसके अलावा, कैफीन को अचानक कम या बंद करने पर भी सिर दर्द हो सकता है, क्योंकि शरीर इस बदलाव को तुरंत स्वीकार नहीं करता।
कब लें डॉक्टर की मदद
अगर सुबह सिर दर्द हफ्ते में कई बार हो रहा है, बहुत तेज होता है या इसके साथ चक्कर, धुंधला दिखाई देना या सांस की दिक्कत जैसे लक्षण भी दिख रहे हैं, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा, नियमित नींद का समय बनाए रखना, पर्याप्त पानी पीना, शराब और कैफीन से दूरी रखना और आरामदायक सोने का वातावरण बनाना सुबह के सिर दर्द से राहत दिला सकता है।