दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया को 51 रन से बड़ी हार झेलनी पड़ी। मैच में कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन को छोड़ दिया जाए तो बाकी सभी भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात रही स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की लय, जो इस मैच में बिल्कुल भी असरदार नहीं दिखे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 45 रन दे दिए और एक भी विकेट नहीं ले पाए।
बुमराह पर बरसे छक्कों की बारिश
दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में 213 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसकी सबसे बड़ी वजह रहे क्विंटन डिकॉक। डिकॉक ने 46 गेंदों पर 90 रन की धमाकेदार पारी खेली और 7 छक्के लगाए। इनमें से एक बड़ा छक्का उन्होंने बुमराह की गेंद पर जड़ दिया। इसके अलावा रीजा हेंड्रिक्स और डोनोवन फरेरा ने भी भारतीय पेसर पर सिक्स लगाए। कुल मिलाकर बुमराह के खिलाफ इस मैच में 4 छक्के पड़े, जो उनके टी20 इंटरनेशनल करियर में पहली बार हुआ है।
2025 में बुमराह के आंकड़ों में गिरावट
इस साल बुमराह की टी20 गेंदबाजी में गिरावट साफ नजर आ रही है। 2025 में अब तक उन्होंने 10 मैचों में गेंदबाजी करते हुए 37.4 ओवर डाले हैं और इस दौरान उन पर 10 छक्के लग चुके हैं। यह आंकड़ा कई गेंदबाजों की तुलना में भले ही कम दिखे, लेकिन बुमराह के स्तर और उनके पिछले रिकॉर्ड के मुकाबले यह बेहद चौंकाने वाला है। दिलचस्प बात यह है कि 2020 से 2024 के बीच 5 साल में कुल 27 पारियों में लगभग 100 ओवर गेंदबाजी करते हुए उन्होंने केवल 12 छक्के ही खाए थे।
पुराने रिकॉर्ड की बराबरी का खतरा
बुमराह का यह कमजोर दौर यहीं नहीं रुक सकता। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज में अभी 3 मैच और बाकी हैं, और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि बुमराह पर छक्कों की बरसात जारी रह सकती है। इस बात पर सबकी नजरें टिकी हैं कि क्या वह अपने करियर का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे। 2016 में इंटरनेशनल डेब्यू के दौरान बुमराह ने 21 टी20 पारियों में 15 छक्के खाए थे और उसके बाद उन्होंने कभी भी एक साल में 4 से ज्यादा छक्के नहीं झेले थे।
आगे की चुनौती बड़ी
बुमराह भारत के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज माने जाते हैं, लेकिन 2025 में उनका प्रदर्शन लगातार सवाल खड़े कर रहा है। टीम इंडिया को आगामी मैचों में उनकी लय में लौटने की सख्त जरूरत है, वरना आने वाले मुकाबलों में दबाव और भी बढ़ सकता है। फैंस और टीम दोनों उम्मीद कर रहे होंगे कि बुमराह जल्द ही अपने पुराने रूप में नजर आएं।