इस महीने सिनेमाघरों में जहां बॉलीवुड की बड़ी फिल्में दर्शकों का दिल जीत रही हैं, वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म भी पीछे नहीं हैं। 11 और 12 दिसंबर को कई नई वेब सीरीज और फिल्में रिलीज हो रही हैं, जो आपका वीकेंड और भी मनोरंजक बना सकती हैं। ड्रामा, थ्रिलर, कॉमेडी और सस्पेंस से भरपूर यह लाइनअप हर तरह के दर्शकों के लिए कुछ खास लेकर आ रही है।
‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ की सच्ची कहानी
सोनी लिव पर 9 दिसंबर को रिलीज हुई वेब सीरीज ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ लोगों का ध्यान खींच रही है। यह कश्मीर के पहले प्रोफेशनल फुटबॉल क्लब की प्रेरणादायक यात्रा पर आधारित है। असल घटनाओं से जुड़ी कहानियां पसंद करने वालों के लिए यह सीरीज एक बेहतरीन विकल्प है, जिसमें घाटी का संघर्ष और खेल का जज्बा दोनों देखने को मिलते हैं।
‘द एक्सीडेंट सीजन 2’ में नए मोड़
नेटफ्लिक्स पर 10 दिसंबर से उपलब्ध ‘द एक्सीडेंट सीजन 2’ अपने पहले सीजन की कहानी को आगे बढ़ाता है। काल्पनिक घटनाओं पर आधारित यह सीरीज बाउंसी कैसल हादसे के एक साल बाद की परिस्थितियों को दिखाती है। इस बार किरदारों की ज़िंदगी में कई नए रहस्य और ट्विस्ट सामने आते हैं, जो सीरीज को और दिलचस्प बनाते हैं।
राधिका आप्टे की ‘साली मोहब्बत’
12 दिसंबर को जी5 पर स्ट्रीम होने वाली फिल्म ‘साली मोहब्बत’ एक सस्पेंस-थ्रिलर ड्रामा है। राधिका आप्टे इसमें मुख्य भूमिका निभा रही हैं, जिसकी कहानी एक साधारण गृहिणी की उलझी हुई ज़िंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है। खास बात यह है कि इस फिल्म से टिस्का चोपड़ा बतौर निर्देशक डेब्यू कर रही हैं।
दुलकर सलमान की मिस्ट्री थ्रिलर ‘कांथा’
नेटफ्लिक्स पर 12 दिसंबर को रिलीज होने वाली तमिल फिल्म ‘कांथा’ दर्शकों को 1950 के दशक के सिनेमा की दुनिया में ले जाती है। यह एक पीरियड मिस्ट्री क्राइम ड्रामा है, जो एमके त्यागराज भागवतर की जिंदगी से प्रेरित है। दुलकर सलमान इसमें केटी महादेवन का महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।
रोवन एटकिंसन की कॉमेडी ‘मैन वर्सेस बेबी’
11 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली मिनी सीरीज ‘मैन वर्सेस बेबी’ हंसी से भरपूर मनोरंजन का वादा करती है। रोवन एटकिंसन की यह सीरीज हाउस-सिटिंग के दौरान होने वाली हास्यास्पद घटनाओं पर आधारित है और फैमिली के साथ देखने के लिए बिल्कुल सही है।
कुणाल खेमू की हल्की-फुल्की सीरीज ‘सिंगल पापा’
नेटफ्लिक्स पर 12 दिसंबर को स्ट्रीम हो रही ‘सिंगल पापा’ एक फील-गुड फैमिली कॉमेडी सीरीज है। इसमें कुणाल खेमू एक मजाकिया और भावनात्मक किरदार निभा रहे हैं। इसका निर्देशन नीरज उधवानी और हितेश केवल्या ने किया है।
‘द ग्रेट शम्सुद्दीन परिवार’ की दिल छू लेने वाली कहानी
जियो हॉटस्टार पर 12 दिसंबर को रिलीज हो रही फिल्म ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन परिवार’ में कृतिका कामरा मुख्य किरदार बानी के रूप में नजर आएंगी। कहानी एक लड़की की है, जो अपनी निजी पसंद और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच फंसी रहती है। फिल्म में पूरब कोहली, श्रेया धनवंतरी और शीबा चड्ढा भी अहम भूमिकाओं में हैं।