Abu Dhabi में लगेगा IPL ऑक्शन का मेला, पहली बार नजर आएंगे श्रेयस अय्यर, संभालेंगे पंजाब किंग्स की कमान

16 दिसंबर को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में आईपीएल 2026 की नीलामी होने जा रही है। हर बार की तरह इस बार भी क्रिकेट प्रेमियों और सभी टीमों की नजरें इस मेगा इवेंट पर टिकी हैं। हालांकि पिछले सीजन के बाद अब मिनी ऑक्शन हो रहा है, लेकिन इसकी चर्चा किसी बड़े आयोजन से कम नहीं है।

ऑक्शन में दिख सकते हैं श्रेयस अय्यर

इस बार नीलामी को खास बनाने जा रहा है पंजाब किंग्स का एक अहम फैसला। रिपोर्ट्स के अनुसार टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर पहली बार ऑक्शन टेबल पर बैठकर टीम के लिए रणनीति बनाते दिखाई दे सकते हैं। अय्यर अब तक कभी किसी टीम की ओर से नीलामी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं रहे हैं, इसलिए यह उनके लिए भी नया अनुभव होगा।

कोच पॉन्टिंग की गैरमौजूदगी बनी बड़ी वजह

अय्यर के ऑक्शन में शामिल होने का एक बड़ा कारण पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पॉन्टिंग की उपलब्धता न होना है। पॉन्टिंग इस समय ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही एशेज सीरीज में कॉमेंट्री कर रहे हैं। ब्रॉडकास्टर 7 क्रिकेट से जुड़े होने की वजह से वह नीलामी में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। साथ ही पंजाब किंग्स को इस बार सिर्फ चार खिलाड़ियों को ही खरीदना है, इसलिए पॉन्टिंग को ऑक्शन से छुट्टी दे दी गई है।

चोट से उबर रहे हैं अय्यर

श्रेयस अय्यर पिछले डेढ़ महीने से क्रिकेट मैदान से दूर हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में फील्डिंग करते हुए उनकी पसली में गंभीर चोट लगी थी, जिसके चलते अंदरूनी रक्तस्राव भी हुआ था। वहीं उनकी सर्जरी कराई गई और तब से वह रिकवरी और रिहैबिलिटेशन में समय बिता रहे हैं। उम्मीद है कि जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से उनकी वापसी हो सकती है।

कप्तानों का ऑक्शन में दिखना कोई नई बात नहीं

हालांकि कप्तानों का ऑक्शन टेबल पर नजर आना पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कई मौके आए जब किसी टीम के कप्तान या अहम खिलाड़ी नीलामी में शामिल हुए। सबसे ताजा उदाहरण 2024 सीजन का है, जब एक्सीडेंट के कारण बाहर रहने के बावजूद ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स की ओर से ऑक्शन डेस्क पर मौजूद थे।

पंजाब किंग्स की नई रणनीति पर नजरें

अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि अय्यर की मौजूदगी में पंजाब किंग्स किस तरह की रणनीति अपनाता है। टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ वर्षों में निराशाजनक रहा है, ऐसे में कप्तान का ऑक्शन में शामिल होना टीम के लिए एक नए दृष्टिकोण की शुरुआत हो सकता है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra