Breakdown: देशभर में एयरपोर्ट सिस्टम फेल, दिल्ली से लेकर हैदराबाद तक यात्री परेशान, इंडिगो-स्पाइसजेट समेत चार एयरलाइंस प्रभावित

दिल्ली से मुंबई समेत कई रूटों पर इंडिगो की उड़ानें बुधवार को बुरी तरह प्रभावित रहीं। विमान कंपनी को तकनीकी दिक्कतों और कुछ जगहों पर क्रू की कमी के कारण करीब 200 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इन समस्याओं ने यात्रियों को खासा परेशान किया, खासकर उन राज्यों में जहां इंडिगो की उड़ानें ज्यादा संख्या में संचालित होती हैं। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में यात्रियों को घंटों इंतज़ार करना पड़ा और एयरपोर्ट पर भारी भीड़ देखने को मिली।

चेक-इन और बोर्डिंग में आई बड़ी दिक्कत

तकनीकी समस्याएं सामने आने के बाद कई एयरलाइंस को मजबूर होकर मैनुअल चेक-इन और बोर्डिंग सिस्टम अपनाना पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट प्राधिकरण ने सुबह 7:40 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सूचना साझा की कि उनकी ऑन-ग्राउंड टीमें सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर हालात को सामान्य बनाने में जुटी हैं ताकि यात्रियों को न्यूनतम परेशानी हो। इसके बावजूद सुबह के व्यस्त समय में यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और कई उड़ानें देरी का शिकार हुईं।

वाराणसी एयरपोर्ट पर विंडोज आउटेज की चर्चा

उत्तर प्रदेश के वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को बताया गया कि माइक्रोसॉफ्ट विंडोज में वैश्विक स्तर पर तकनीकी आउटेज रिपोर्ट किया गया है, जिससे एयरपोर्ट की IT सेवाएं ठप हो गई हैं। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम में कोई तकनीकी समस्या नहीं है। चूंकि एयरपोर्ट और फ्लाइट संचालन में अधिकांश सिस्टम विंडोज पर आधारित होते हैं, इसलिए ऐसी अफवाहों ने यात्रियों की चिंता और बढ़ा दी। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी इसी तरह चेक-इन सिस्टम में समस्या के कारण इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें प्रभावित हुईं।

हैदराबाद एयरपोर्ट पर बढ़ी यात्रियों की परेशानी

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी हालात कुछ अलग नहीं थे। चेक-इन सिस्टम की खराबी और देरी से यात्रियों की भीड़ घंटों फंसी रही। कई यात्रियों की उड़ानें इस कारण छूट गईं। इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी, एयरपोर्ट पर असामान्य भीड़ और कुछ ऑपरेशनल चुनौतियों की वजह से उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन हुए हैं। उन्होंने कहा कि टीमें लगातार हालात सामान्य करने में जुटी हैं और 48 घंटे के भीतर संचालन पूरी तरह पटरी पर लौट आने की उम्मीद है।

कंपनी ने मांगी यात्रियों से माफी

इंडिगो ने बयान जारी कर यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताया और भरोसा दिलाया कि वे संचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है, जबकि तकनीकी टीम पूरे सिस्टम की जांच कर रही है ताकि ऐसी समस्या दोबारा न हो।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra