Vastu Tips: पवित्र पौधों से लेकर घंटी की धुन तक, ऐसे भगाएं घर की नकारात्मकता

वास्तु शास्त्र हमारे घर, जीवन और ऊर्जा के संतुलन से जुड़ा एक प्राचीन विज्ञान माना जाता है। किसी भी वस्तु को रखने से लेकर घर बनाने तक, हर कार्य में सही दिशा और उचित स्थान का ध्यान रखना बेहद जरूरी बताया गया है। अक्सर अनजाने में कुछ छोटी-छोटी गलतियाँ हो जाती हैं, जो वास्तु दोष का कारण बन जाती हैं और धीरे-धीरे घर में नकारात्मक ऊर्जा फैलने लगती है। ऐसे में यह जानना ज़रूरी है कि घर की नेगेटिविटी को कैसे दूर किया जाए और सकारात्मकता का वातावरण कैसे बनाकर रखें।

धूप और कपूर से शुद्धिकरण

घर के वातावरण को साफ और सकारात्मक बनाए रखने में धूप और कपूर का महत्वपूर्ण योगदान माना गया है। रोजाना गूगल, चंदन या किसी भी सुगंधित धूपबत्ती को जलाने से घर का वातावरण पवित्र होता है। जहां वास्तु दोष की आशंका हो, वहां कपूर रखना लाभकारी माना गया है। कपूर समाप्त होने पर उसे बदलते रहना चाहिए, ताकि ऊर्जा का संतुलन बना रहे।

शंख की ध्वनि का प्रभाव

वास्तु शास्त्र के अनुसार, शंख की ध्वनि में नकारात्मक ऊर्जा को तोड़ने की अद्भुत क्षमता होती है। सुबह तीन बार शंख बजाने से वातावरण में मौजूद नेगेटिविटी दूर होने लगती है और घर में सकारात्मक कंपन बढ़ते हैं। यह उपाय धार्मिक और ऊर्जा दोनों स्तरों पर लाभकारी माना जाता है।

नमक से ऊर्जा शुद्धि

नमक को ऊर्जा सोखने वाला तत्व माना गया है। घर के कोनों में थोड़ी मात्रा में नमक रखने से वहां मौजूद नकारात्मक शक्ति धीरे-धीरे समाप्त होती है। सप्ताह में दो बार नमक मिले पानी से पोछा लगाने से भी घर की नेगेटिविटी कम होती है और वातावरण अधिक संतुलित महसूस होता है।

पौधों से सकारात्मकता

घर में पौधे लगाना सिर्फ वातावरण को सुंदर बनाना नहीं, बल्कि ऊर्जा संतुलन का एक प्रभावी तरीका भी माना जाता है। तुलसी, मनी प्लांट, आंवला, शमी और बिल्व जैसे पौधे घर में सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं। ये पौधे हवा को शुद्ध करते हैं और मानसिक शांति प्रदान करते हैं।

घंटियों और फिटकरी का प्रयोग

मुख्य द्वार या दरवाजों पर छोटी घंटी लटकाने से हर बार ध्वनि के साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार माना जाता है। इसी तरह फिटकरी को काले कपड़े में बांधकर मुख्य द्वार पर टांगने से वास्तु दोष कम होता है और नकारात्मकता बाहर ही रुक जाती है।

नकारात्मक वस्तुएं हटाना आवश्यक

घर में मौजूद टूटी घड़ियाँ, दुखभरी तस्वीरें या मनमुटाव दर्शाने वाली वस्तुएँ वातावरण को भारी बना देती हैं। इन्हें घर से तुरंत हटा देना चाहिए, क्योंकि ये मानसिक तनाव और नेगेटिविटी को आकर्षित करती हैं। साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित घर स्वयं ही सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra