टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है और क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को रखा गया है। यह हाई-वोल्टेज भिड़ंत कोलंबो में खेली जाएगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जबकि भारत अपने अभियान की शुरुआत उसी दिन अमेरिका के खिलाफ मुंबई में करेगा। भारतीय टीम अपने ग्रुप में अमेरिका, पाकिस्तान, नेदरलैंड्स और नामीबिया से मुकाबले खेलेगी।
रोहित शर्मा बने टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसडर
वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया को खिताब जिताने वाले रोहित शर्मा अब नई भूमिका में मैदान में उतरे हैं। आईसीसी ने उन्हें 2026 टी20 वर्ल्ड कप का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। खास बात यह है कि रोहित ने 2024 का खिताब जीतने के बाद टी20 फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी, लेकिन एक दिग्गज खिलाड़ी के रूप में उनकी पहचान और योगदान को देखते हुए आईसीसी ने यह बड़ा सम्मान दिया।
रोहित ने कही दिल छू लेने वाली बात
ब्रांड एंबेसडर बनने पर रोहित शर्मा ने इसे अपने करियर का खास पल बताया। उन्होंने कहा कि खेलते-खेलते किसी खिलाड़ी को एंबेसडर बनाने की परंपरा नहीं रही है, इसलिए यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है। रोहित ने बताया कि 18 साल के करियर में उन्होंने आईसीसी ट्रॉफी जीतने का संघर्ष करीब से देखा है। शुरुआती दो ट्रॉफियों के बाद भारत को कई सालों तक इंतजार करना पड़ा, और अब यह भूमिका उन्हें फिर से कुछ नया करने के लिए प्रेरित कर रही है।
भारत का ग्रुप-स्टेज कार्यक्रम
भारतीय टीम 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मुंबई में खेलेगी। इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया से भिड़ेगी। 15 फरवरी को कोलंबो में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा और 18 फरवरी को अहमदाबाद में नेदरलैंड्स के खिलाफ टीम अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी। टीम इंडिया इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतर रही है, क्योंकि 2024 में उसने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था।
भारत का वर्ल्ड कप इतिहास
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत ने अब तक दो खिताब जीते हैं- पहला 2007 में और दूसरा 2024 में। टीम 2014 में फाइनल में पहुंची थी और 2016 तथा 2022 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। भारतीय खिलाड़ियों में सबसे अधिक 1141 रन विराट कोहली ने बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में सबसे ज्यादा 32 विकेट रविचंद्रन अश्विन के नाम दर्ज हैं।
20 टीमों के बीच होगा खिताबी मुकाबला
इस बार टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन्हें चार ग्रुपों में बांटा गया है, हर ग्रुप में पांच टीमें होंगी। भारत का ग्रुप पहले नंबर पर है, जिसमें पाकिस्तान, अमेरिका, नेदरलैंड्स और नामीबिया शामिल हैं। अन्य ग्रुपों में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और कई नई उभरती टीमें भी मौजूद हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा और रोमांच और बढ़ने वाला है।
आठ वेन्यू पर होंगे रोमांचक मैच
इस टूर्नामेंट के मैच कुल आठ वेन्यू पर खेले जाएंगे, जिनमें पांच भारत में और तीन श्रीलंका में हैं। भारत में अहमदाबाद, चेन्नई, दिल्ली, कोलकाता और मुंबई मैचों की मेजबानी करेंगे, जबकि श्रीलंका में कोलंबो का प्रेमदासा स्टेडियम, सिंहली स्पोर्ट्स क्लब और कैंडी मुकाबलों का केंद्र होंगे।