विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के नए सीजन का ऑक्शन करीब आते ही क्रिकेट फैंस के बीच रोमांच बढ़ गया है। इस बार मेगा ऑक्शन होने वाला है, जिसमें कई टीमों का पूरा संतुलन बदल सकता है। कई बड़े नामों को फ्रेंचाइजियों ने रिटेन नहीं किया है, जबकि कई नई खिलाड़ी भी पहली बार अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। लेकिन इन सभी में सबसे ज्यादा चर्चा जिस खिलाड़ी को लेकर है, वह हैं ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग। दो साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुकीं लैनिंग अब भी शानदार फॉर्म में हैं और WBBL में अपनी दमदार बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर रही हैं।
शानदार शतक से लैनिंग ने दिल जीता
WBBL में मेलबर्न स्टार्स की ओर से खेल रही मेग लैनिंग ने गुरुवार 20 नवंबर को सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ यादगार शतक ठोका। नॉर्थ सिडनी में खेले गए मुकाबले में मेलबर्न ने पहले बल्लेबाजी की और लैनिंग ने ओपनर रीस मैक्केना के साथ सिर्फ 15.4 ओवर में 159 रन की विस्फोटक साझेदारी की। इस दौरान उन्होंने मात्र 61 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। मैक्केना ने भी केवल 32 गेंदों पर अर्धशतक जमाकर लैनिंग का शानदार साथ निभाया। 33 साल की लैनिंग ने आक्रामक खेल जारी रखते हुए 74 गेंदों में 135 रन की अपनी WBBL करियर की सबसे बड़ी पारी खेली और टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।
रिकॉर्ड टूटे, सिडनी की टीम टूटी
लैनिंग की इस धमाकेदार पारी में एक इतिहास भी रचा गया। वह WBBL की एक पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उनकी पारी में 22 चौके और 4 छक्के शामिल थे, यानी कुल 26 बाउंड्री। मेलबर्न स्टार्स ने 20 ओवर में 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में सिडनी सिक्सर्स की टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम केवल 7.4 ओवर में 42 रन पर सिमट गई। डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर मेलबर्न ने 111 रन की विशाल जीत दर्ज की और लैनिंग की बल्लेबाजी मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रही।
दिल्ली से रिलीज़, लेकिन बोली की उम्मीद मजबूत
WPL की बात करें तो लैनिंग दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान रह चुकी हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से 2023 में संन्यास लिया था, लेकिन WPL के पहले तीनों सीजन में उन्होंने टीम की कप्तानी की और हर बार दिल्ली को फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि, तीनों बार टीम खिताब जीतने से चूक गई। इस बार दिल्ली ने उन्हें रिलीज कर दिया है, लेकिन उनकी ताज़ा फॉर्म और अनुभव को देखते हुए उम्मीद है कि ऑक्शन में उन पर बड़ी बोली लग सकती है। नई टीम के साथ लैनिंग का अगला अध्याय देखने के लिए फैंस भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।