BCCI का बड़ा फैसला, भारत-बांग्लादेश महिला सीरीज़ रद्द, पत्र भेजकर BCB को दी जानकारी

महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के बाद इस समय ब्रेक पर चल रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली सीरीज़ को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टाल दिया है। टीम इंडिया को अगले महीने एक्शन में लौटना था, लेकिन बीसीसीआई के इस बड़े फैसले के बाद अब भारतीय प्रशंसकों को वर्ल्ड चैंपियन टीम की मैदान पर वापसी के लिए थोड़ा और इंतज़ार करना पड़ेगा। बीसीसीआई ने अपने इस फैसले की जानकारी मेहमान टीम को भी एक आधिकारिक पत्र भेजकर दे दी है।

बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली थी सीरीज़

भारतीय महिला क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिसके तहत बांग्लादेश महिला टीम का दिसंबर 2025 में प्रस्तावित भारत दौरा स्थगित कर दिया गया है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज़ खेली जानी थी। एक रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के एक अधिकारी ने इस खबर की पुष्टि की है कि उन्हें बीसीसीआई से एक पत्र मिला है, जिसमें इस दौरे को भविष्य की किसी अन्य तारीख के लिए टालने का ज़िक्र किया गया है।

सीरीज़ टलने के पीछे के संभावित कारण

भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जाने वाली यह टी20 सीरीज़, महिला प्रीमियर लीग 2026 से पहले भारतीय महिला टीम की अंतिम टी20 सीरीज़ होने वाली थी। वहीं, वनडे मैचों की सीरीज़ के साथ दोनों टीमों को नई महिला वनडे चैंपियनशिप साइकल की शुरुआत करनी थी। हालांकि, सीरीज़ को टालने के स्पष्ट कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि बांग्लादेश में चल रहे राजनीतिक अस्थिरता या उथल-पुथल को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया होगा।

पुरुष टीम का दौरा भी हुआ था स्थगित

यह पहली बार नहीं है जब बीसीसीआई ने बांग्लादेश के खिलाफ किसी दौरे को स्थगित किया है। इससे पहले, भारतीय पुरुष टीम का बांग्लादेश दौरा भी रद्द किया गया था। अगस्त 2025 में पुरुष टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाने थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने आपसी सहमति से इस दौरे को पूरे एक साल के लिए टाल दिया था, जिसे अब सितंबर 2026 तक के लिए स्थगित रखा गया है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra