रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पांचवें राउंड में सौराष्ट्र और गोवा की टीमें आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। टीम ने गोवा के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 585 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और अपनी पारी घोषित कर दी। इस बड़े स्कोर के सामने गोवा की गेंदबाजी पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई।
अर्जुन तेंदुलकर की गेंदबाजी रही फीकी
गोवा की ओर से नई गेंद की जिम्मेदारी अर्जुन तेंदुलकर को सौंपी गई, लेकिन वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। अर्जुन ने 29 ओवर फेंके और सिर्फ 1 विकेट हासिल किया। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस दौरान उन्होंने 145 रन खर्च किए और 5 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। उनकी गेंदों पर जमकर रन बने और वह टीम के दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। सौराष्ट्र के बल्लेबाजों ने उनका पूरा फायदा उठाया, खासकर युवा खिलाड़ी जय गोहिल ने अर्जुन की गेंदों को आसानी से खेलकर रन बटोरे।
गोहिल ने अर्जुन की गेंदबाजी की खोली पोल
जय गोहिल, जिन्होंने अर्जुन तेंदुलकर की 24 गेंदों का सामना किया, लगभग हर ओवर में रन बटोरते नजर आए। उन्होंने अर्जुन के खिलाफ 35 रन बनाए और उन पर 6 चौके और 1 छक्का जड़ा। दिलचस्प बात यह है कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने रणजी करियर की शुरुआत एक ही साल यानी 2022 में की थी। जहां अर्जुन ने डेब्यू मैच में शतक लगाकर सबको चौंका दिया था, वहीं गोहिल ने दोहरा शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। उनके 227 रन की पारी उस समय सौराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक साबित हुई थी।
जय गोहिल का लगातार बढ़ता प्रदर्शन
24 साल के जय गोहिल घरेलू क्रिकेट में लगातार खुद को साबित कर रहे हैं। अब तक वे 16 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक की मदद से 650 से अधिक रन बनाए हैं। लिस्ट ए मैचों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां वे 31.75 की औसत से 381 रन बना चुके हैं। टी20 क्रिकेट में भी उन्होंने 319 रन जोड़कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाई है। गोवा के खिलाफ मौजूदा मुकाबले में भी उन्होंने पहली पारी में 97 गेंदों पर 68 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 1 छक्का शामिल था। उनकी यह पारी सौराष्ट्र के बड़े स्कोर की नींव साबित हुई।