Winter में सेहत का मीठा राज़, खाइए ये 3 सुपर हेल्दी लड्डू

सर्दियां शुरू होते ही खांसी-जुकाम और ठंड लगने की परेशानी आम हो जाती है। ऐसे में शरीर को गर्म रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए कुछ पौष्टिक और गरमाहट देने वाली चीजें खाना बेहद जरूरी होता है। इन्हीं में से एक है- घर पर बने स्वादिष्ट और हेल्दी लड्डू। खासकर काजू-बादाम, गोंद, तिल और मेथी के लड्डू सर्दी के मौसम में सेहत का खजाना साबित होते हैं। ये न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को ऊर्जा और गर्मी दोनों देते हैं।

गोंद के लड्डू: सर्दियों का एनर्जी बूस्टर

सर्दियों के मौसम में गोंद के लड्डू सबसे लोकप्रिय माने जाते हैं। गोंद में कैल्शियम और प्रोटीन की भरपूर मात्रा होती है, जो हड्डियों को मजबूत बनाती है और शरीर को ठंड से बचाती है। ये लड्डू शरीर को गर्माहट देने के साथ एनर्जी से भर देते हैं। इन्हें बनाने के लिए सबसे पहले गोंद को घी में सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद इसमें गुड़, किशमिश, बादाम और काजू मिलाएं। मिश्रण ठंडा होने पर छोटे-छोटे लड्डू बना लें। ये लड्डू न केवल स्वादिष्ट होते हैं बल्कि थकान मिटाने में भी मदद करते हैं।

तिल के लड्डू: मीठा और सेहत का परफेक्ट कॉम्बो

तिल के लड्डू सर्दियों की परंपरा का हिस्सा हैं और इनके फायदे भी गिनती से बाहर हैं। तिल में कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है, जो हड्डियों को मजबूत और त्वचा को चमकदार बनाता है। इन्हें बनाने के लिए कढ़ाई में थोड़ा घी डालकर तिल को हल्का सुनहरा भून लें। फिर एक अलग बर्तन में गुड़ को पिघलाकर उसमें भुने हुए तिल डालें। अच्छे से मिलाने के बाद मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर लड्डू बनाएं। सर्द सुबहों में एक कप दूध के साथ तिल के लड्डू खाने से शरीर में जबरदस्त ऊर्जा आती है।

मेथी के लड्डू: जोड़ों का दर्द मिटाने वाला हेल्दी स्वीट

सर्दियों में मेथी के लड्डू सेहत के लिए किसी औषधि से कम नहीं। मेथी शरीर को अंदर से गर्म रखती है और जोड़ों के दर्द या कमर दर्द जैसी परेशानियों में आराम देती है। साथ ही यह लड्डू वजन घटाने और ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में भी मददगार है। इन्हें बनाने के लिए मेथी के दाने को भूनकर पीस लें, फिर घी में गुड़ और मेथी मिलाकर हल्की आंच पर पकाएं। जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तो इसे ठंडा करके लड्डू बना लें।

सर्दियों का स्वाद और सेहत एक साथ

गोंद, तिल और मेथी के लड्डू सर्दियों में शरीर को मजबूत बनाने के साथ इम्यूनिटी भी बढ़ाते हैं। इन्हें रोजाना सीमित मात्रा में खाने से न केवल सर्दी-जुकाम से बचाव होता है, बल्कि पूरे मौसम में शरीर गर्म और ऊर्जावान बना रहता है। इस सर्दी में बाजार के स्नैक्स छोड़िए और घर पर बनाइए ये पारंपरिक हेल्दी लड्डू – सेहत और स्वाद, दोनों का ख्याल रखिए।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra