जियोपॉलिटिकल और ट्रेड टेंशन में कमी, फेस्टिव डिमांड घटने और निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण बुधवार को सोने की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। शाम 5 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर खुले बाजार में सोने के दाम सिर्फ 6 मिनट में करीब 6% (₹7,700) टूट गए।
रिकॉर्ड हाई से ₹12,000 तक सस्ता हुआ सोना
डेटा के अनुसार, वायदा बाजार में सोना एक दिन पहले ₹1,28,271 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो बुधवार को गिरकर ₹1,20,575 पर पहुंच गया। यानी सोने में कुल ₹7,696 की गिरावट आई। शाम 5:40 बजे सोना ₹1,21,198 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। यह अपने लाइफटाइम हाई ₹1,32,294 से करीब 9% यानी ₹12,000 तक सस्ता हो चुका है।
चांदी भी टूटी 4%, ₹26,500 की बड़ी गिरावट
सोने की तरह चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखी गई। बुधवार को वायदा बाजार में चांदी ₹6,508 टूटकर ₹1,43,819 प्रति किलो पर आ गई। जबकि पिछले सत्र में यह ₹1,50,327 पर बंद हुई थी। कुछ ही दिनों में चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर ₹1,70,415 से करीब ₹26,596 (16%) नीचे आ चुकी है।
क्यों गिर रहे हैं सोने के दाम?
जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय तनावों में कमी और अमेरिका-चीन के बीच टैरिफ विवाद शांत होने से सोने की “सेफ हैवन” मांग घटी है। निवेशक अब मुनाफावसूली की ओर रुख कर रहे हैं।
आगे कितना गिरेगा सोना?
येस वेल्थ मैनेजमेंट के डायरेक्टर अनुज गुप्ता के अनुसार, आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में 10 हजार रुपए तक और गिरावट संभव है। ऐसे में वायदा बाजार में सोने के भाव ₹1.10 लाख से ₹1.15 लाख प्रति 10 ग्राम तक आ सकते हैं।