साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और अभिनेता विजय देवरकोंडा की सगाई की खबरें इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। महीने की शुरुआत में दोनों के इंगेजमेंट की खबर सामने आई थी, हालांकि दोनों ने अब तक इसकी ऑफिशियल कंफर्मेशन नहीं दी है। लेकिन अब रश्मिका का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने फैंस की जिज्ञासा और बढ़ा दी है।
वीडियो में दिखी रश्मिका की डायमंड रिंग
रश्मिका मंदाना ने हाल ही में अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह अपने पेट डॉग ऑरा के साथ क्वालिटी टाइम बिताती नजर आ रही हैं। वीडियो में रश्मिका अपनी आने वाली फिल्म ‘थामा’ का गाना “सुन रहे न रहे हम” सुनते हुए मुस्कुरा रही हैं। हालांकि, इस दौरान जब उन्होंने हाथ में फोन पकड़ा हुआ था, तो उनकी उंगली में चमकती डायमंड रिंग साफ दिखाई दी। यही वजह है कि फैंस ने कमेंट सेक्शन में उन्हें बधाइयों से भर दिया।
फैंस बोले- रिंग दिखाने के लिए बनाया वीडियो
सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को रश्मिका की इंगेजमेंट अनाउंसमेंट के रूप में देख रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, “आपने ये वीडियो सिर्फ हमें अपनी इंगेजमेंट रिंग दिखाने के लिए बनाया है, गाना दिखाने के लिए नहीं।” वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, “पूरा वीडियो तो बस रिंग दिखाने के लिए था।” इस तरह के कमेंट्स से साफ है कि फैंस रश्मिका और विजय की सगाई से बेहद एक्साइटेड हैं। खबरों के अनुसार, यह कपल 2026 में शादी के बंधन में बंध सकता है।
पोस्ट में गाने का जिक्र भी किया
रश्मिका ने अपने पोस्ट में गाने के बारे में भी बात की। उन्होंने लिखा, “ये वो पहला गाना था जो मैंने फिल्म की शूटिंग के दौरान सुना था और आज भी मैं इसकी दीवानी हूं। जरा देखो, ऑरा भी मेरे साथ झूम रही है। सोचो अगर उसे पता चल जाए कि स्क्रीन पर जो लड़की है वो मैं ही हूं, तो वो तो कंफ्यूज हो जाएगी। काश वो बोल पाती या फिर इस गाने को गा पाती।”
फैंस में बढ़ी शादी को लेकर उत्सुकता
रश्मिका और विजय की जोड़ी साउथ सिनेमा की सबसे पसंदीदा ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन जोड़ियों में से एक मानी जाती है। इंगेजमेंट की खबरों के बाद अब फैंस उनकी शादी की तारीख का इंतजार कर रहे हैं। दोनों सितारे फिलहाल अपने-अपने फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन उनके रिलेशनशिप की चर्चा सोशल मीडिया पर लगातार बनी हुई है।