Bareilly हिंसा: मौलाना तौकीर रजा समेत 8 गिरफ्तार, 31 हिरासत में, शहर में शांति हुई बहाल

यूपी के बरेली में शुक्रवार को हुई हिंसा और बवाल के बाद पुलिस ने आज मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार कर लिया। मौलाना तौकीर रजा समेत 8 लोगों को जेल भेजा गया है। इसके अलावा 31 लोगों को हिरासत में लिया गया और 2000 पत्थरबाजों पर भी केस दर्ज किए गए। मौके से तमंचा, पेट्रोल की बोतलें और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। शहर में जगह-जगह सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और फिलहाल हालात सामान्य हैं। अब तक इस मामले में कुल 10 FIR दर्ज हो चुकी हैं।

बाजारों में सन्नाटा और पुलिस की तैनाती

बरेली में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। बाजारों में आज सन्नाटा पसरा रहा। दरगाह आला हजरत वाली गली, जहां मौलाना तौकीर रजा का घर है, वहां भी भारी पुलिसबल की मौजूदगी है। ज्यादातर दुकानें बंद हैं और कोई शुक्रवार को हुई हिंसा पर बात करने को तैयार नहीं है। बरेली के व्यापारियों ने एसपी सिटी मानुष पारीक से मुलाकात कर अपनी चिंताएं जाहिर की।

व्यापारी अब भी दहशत में

व्यापारियों का कहना है कि हिंसा में उन्हें अपनी जान और दुकानों को बचाने में कठिनाई हुई। व्यापारी अब भी दहशत में हैं और मौलाना तौकीर रजा पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि मौलाना तौकीर रजा 2010 में भी दंगा करवा चुके हैं। व्यापारियों के अनुसार हिंसा से लोगों में डर व्याप्त है और व्यापार को भारी नुकसान हुआ है।

प्रशासन ने किया खुलासा

डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मौलाना तौकीर रजा को पहले ही प्रदर्शन के लिए रोकने की कोशिश की गई थी। उन्हें नोटिस दिए गए और धारा 163 लागू करने की जानकारी दी गई। इसके बावजूद उन्होंने प्रदर्शन करवाया। मौके से पत्थर, चाकू, लाठी, ब्लेड, पेट्रोल और तमंचे बरामद हुए।

बाहरी लोग और सोशल मीडिया की भूमिका

पुलिस ने बताया कि हिंसा में बाहरी लोग भी शामिल थे। दो-तीन हजार लोग अलग-अलग समूह में हिंसा में शामिल हुए थे। व्हाट्सएप के जरिए लोग एकत्र किए गए। नदीम नाम का शख्स भी आरोपी है, जो अभी फरार है। प्रदर्शन में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए और कई लोगों के खिलाफ पूछताछ जारी है।

ऐसे हुई हिंसा की शुरुआत

“आई लव मोहम्मद” कैंपेन को लेकर बरेली में कल अचानक तनाव बढ़ा और शहर दहल गया। श्यामगंज, नावल्टी तिराहा और खलील स्कूल तिराहे पर पुलिस और भीड़ आमने-सामने आई। कई घंटों तक पत्थरबाजी और हिंसा शहर के बड़े हिस्से में जारी रही।

;
Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra