PM Modi का बांसवाड़ा दौरा, कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- कांग्रेस छोड़ गई भ्रष्टाचार की विरासत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिजली, विकास, स्वदेशी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

बिजली से विकास की नई रफ्तार

पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरती से आज बिजली क्षेत्र में भारत के सामर्थ्य का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में तेजी से आगे बढ़ने वाला वही देश होगा, जो बिजली उत्पादन और स्वच्छ ऊर्जा में मजबूत होगा। मोदी ने बताया कि उनकी सरकार स्वच्छ ऊर्जा को जनआंदोलन बनाकर आगे बढ़ा रही है ताकि आने वाली पीढ़ियों को इसका लाभ मिले।

2014 से पहले बिजली का संकट

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में बिजली संकट गंभीर था। उस समय लाखों-करोड़ों घर अंधेरे में डूबे रहते थे। मोदी ने कहा कि जब उन्होंने सत्ता संभाली तो देश के 2.5 करोड़ घर ऐसे थे, जहां बिजली कनेक्शन ही नहीं था। उनकी सरकार ने हर गांव तक बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया और 2.5 करोड़ घरों को मुफ्त कनेक्शन देकर रोशनी पहुंचाई।

कांग्रेस राज में पेपर लीक और अपराध

पीएम मोदी ने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि राजस्थान कांग्रेस शासन में पेपर लीक का गढ़ बन गया था। जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया और महिलाओं पर अत्याचार बढ़े। उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जैसे इलाकों में अपराध और अवैध शराब का कारोबार कांग्रेस के समय में खूब बढ़ा। जबकि बीजेपी सरकार ने कानून व्यवस्था को सख्त किया और विकास परियोजनाओं को तेजी दी।

GST को बताया देश की बड़ी उपलब्धि

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा कि आज पूरा भारत जीएसटी उत्सव मना रहा है। 2017 में लागू किए गए जीएसटी से देश को टैक्स और टोल के जंजाल से छुटकारा मिला। इससे वस्तुएं सस्ती हुईं और व्यापार आसान हुआ। मोदी ने कहा कि यह सुधार देश की आर्थिक मजबूती का बड़ा आधार है।

स्वदेशी को अपनाने की अपील

पीएम मोदी ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमें स्वदेशी को अपनाना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि हम वही सामान खरीदें जिसमें हमारी मिट्टी की खुशबू हो। मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता का रास्ता ‘स्वदेशी मंत्र’ से होकर गुजरता है और यही भारत को मजबूत बनाने की कुंजी है।

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post