Bengaluru में फिजिकल टीचर पर यौन शोषण का आरोप, हजारों महिलाओं के प्राइवेट वीडियो बरामद, महिला आयोग तक पहुंचा मामला

कर्नाटक के बेंगलुरु से हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना मामले जैसा ही एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने स्कूल के फिजिकल टीचर और क्रिकेट कोच मैथ्यू एन्नुवतन पर यौन शोषण और निजी पलों को रिकॉर्ड करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि आरोपी के पास अलग-अलग महिलाओं और युवतियों के करीब 2500 अश्लील वीडियो हैं।

महिला आयोग तक पहुंची शिकायत

पीड़िता ने इस मामले में कर्नाटक महिला आयोग को पत्र लिखकर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि मैथ्यू ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और उन पलों को छिपकर कैमरे में कैद कर लिया। महिला के पास कुछ फोटो और वीडियो भी सबूत के तौर पर मौजूद हैं।

पुलिस पर भी लगाए आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि उसने कोनानाकुंटे थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत लेने से मना कर दिया। इससे महिला आयोग को सीधे पत्र लिखने का उसने फैसला किया। उसने कहा कि आरोपी के खिलाफ पुलिस की लापरवाही ने उसकी पीड़ा और बढ़ा दी है।

कैसे हुई मुलाकात?

पीड़िता तलाकशुदा महिला है और उसकी एक बेटी भी है। उसकी मुलाकात मैथ्यू से बेंगलुरु के एक निजी स्कूल में हुई थी, जहां बेटी पढ़ती थी। मैथ्यू उसी स्कूल में क्रिकेट कोच और फिजिकल टीचर था। दोनों के बीच जान-पहचान हुई और रिश्ता गहराता गया। महिला के अनुसार, उन्होंने एक चर्च में शादी भी की थी।

शादी के बाद सामने आया असली चेहरा

पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद मैथ्यू का असली चेहरा सामने आया। उसने महिला के साथ बिताए गए निजी पलों को चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर लिया। पीड़िता ने कहा कि वह कुछ सालों तक मैथ्यू के साथ रही, लेकिन एक दिन जब वह सो रही थी तो आरोपी उसका मोबाइल लेकर भाग गया। मोबाइल में कई अहम सबूत मौजूद थे।

महिला आयोग से कड़ी कार्रवाई की मांग

महिला का कहना है कि मैथ्यू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उसकी तरह और महिलाएं शोषण का शिकार न बनें। उसने यह भी दावा किया कि आरोपी के पास सिर्फ उसके ही नहीं, बल्कि कई अन्य महिलाओं के वीडियो और तस्वीरें भी मौजूद हैं। महिला आयोग अब इस पूरे मामले पर जांच करने की तैयारी कर रहा है।

;
Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra