अमेरिका में H-1B वीजा पर अब $1,00,000 यानी करीब 88 लाख रुपए का नया शुल्क लागू किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस फैसले के बाद अब बिना यह राशि चुकाए H-1B वीजा धारक अमेरिका में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। यह नियम 21 सितंबर 2025 से प्रभावी हो गया है।
विदेशी कर्मचारियों और कंपनियों की मुश्किलें बढ़ीं
H-1B वीजा हाई स्किल वाले विदेशी कर्मचारियों को अमेरिका में काम करने के लिए दिया जाता है। पहले यह वीजा कंपनियों के लिए 1,700 से 4,500 डॉलर तक महंगा था, लेकिन अब $1 लाख का नया शुल्क जोड़ दिया गया है। इसका मतलब यह हुआ कि अब कंपनियों के लिए विदेशी कर्मचारियों को लाना और भी भारी खर्च वाला हो गया है।
कंपनियों पर पड़ेगा अतिरिक्त बोझ
इस नए शुल्क से अमेजन, IBM, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल जैसी बड़ी कंपनियों को असर पड़ेगा। इन कंपनियों के लिए H-1B कर्मचारियों की भर्ती पहले ही महंगी थी, और अब $1 लाख का अतिरिक्त शुल्क उन्हें और अधिक खर्चीला बना देगा। खासतौर पर आईटी और टेक सेक्टर की कंपनियों पर इसका सबसे ज्यादा असर दिखाई देगा।
कौन-कौन सी कंपनियां प्रभावित होंगी
टेक कंपनियों में H-1B वीजा सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। जून 2025 तक अमेजन के 10,044 कर्मचारी H-1B वीजा पर काम कर रहे थे। इसके बाद TCS, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, मेटा, एप्पल, डेलॉइट, इन्फोसिस, विप्रो और टेक महिंद्रा जैसी कंपनियां H-1B वीजा से विदेशी कर्मचारियों को अमेरिका भेज रही हैं। H-1B कर्मचारियों में टेक सेक्टर की हिस्सेदारी 65% से अधिक है।
ट्रंप प्रशासन का तर्क
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि कंपनियों ने अमेरिकी कर्मचारियों को नौकरी से हटाकर H-1B वीजा कर्मचारियों की भर्ती बढ़ाई है। इससे अमेरिकी कर्मचारियों के रोजगार और मजदूरी पर असर पड़ा है। इस आदेश का मकसद कंपनियों को कम वेतन वाले H-1B कर्मचारियों पर निर्भर रहने से रोकना और अमेरिकी श्रम बाजार की सुरक्षा करना है।
H-1B कर्मचारियों की सस्ती लागत
रिपोर्ट्स के अनुसार, एंट्री-लेवल H-1B कर्मचारियों को रेगुलर कर्मचारियों की तुलना में 36% कम वेतन दिया जाता है। कंपनियां इस सस्ती श्रम लागत का फायदा उठाती हैं। अब शुल्क बढ़ने के बाद कंपनियों के लिए यह तरीका महंगा हो जाएगा और H-1B कर्मचारियों की संख्या पर असर पड़ेगा। इस तरह, ट्रंप का नया H-1B आदेश न केवल विदेशी कर्मचारियों की अमेरिका में एंट्री को कठिन बनाएगा, बल्कि आईटी कंपनियों के लिए भी खर्च बढ़ा देगा।