Asia Cup से पहले बयानबाज़ी की जंग, दोनों कप्तानों ने दिए दिलचस्प बयान, सूर्या बोले- बिना आक्रामकता के क्रिकेट नहीं

एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को खेला जाएगा। इस महामुकाबले का इंतज़ार सिर्फ दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमियों को ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को है। मैदान पर भिड़ंत से पहले ही दोनों टीमों के कप्तान-भारत के सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के सलमान अली आगा एक-दूसरे के बयानों के ज़रिए आमने-सामने आ गए हैं।

सूर्यकुमार यादव का बेबाक जवाब

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से जब पूछा गया कि पाकिस्तान के खिलाफ क्या उनकी टीम और ज्यादा आक्रामक होगी, तो उन्होंने बेबाकी से कहा कि “बिना आक्रामकता के तो खेल ही नहीं खेला जाता। मैदान पर उतरते ही आक्रामक रवैया अपने आप आ जाता है। हर खिलाड़ी का अपना अलग अंदाज़ होता है और उन्हें किसी खास हिदायत की ज़रूरत नहीं होती।” सूर्या ने साफ कहा कि वह मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और इस मुकाबले का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।

सलमान अली आगा ने दी खुली छूट

पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने भी आक्रामक रवैये पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “अगर कोई खिलाड़ी मैदान पर आक्रामक होना चाहता है, तो उसका स्वागत है। खासतौर पर तेज़ गेंदबाज आक्रामक रहते हैं और वहीं से उनका असली जोश सामने आता है। जब तक सबकुछ मर्यादा में है, तब तक किसी तरह की रोक-टोक नहीं होगी।” सलमान के इस बयान से साफ है कि पाकिस्तान भी मुकाबले में पूरे जोश के साथ उतरने वाला है।

जीत की दावेदारी पर सूर्या का दिलचस्प रिएक्शन

जब सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि एशिया कप जीतने की सबसे बड़ी दावेदार टीम इंडिया ही है, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि “किसने बोला? मैंने तो नहीं सुना। असलियत ये है कि अगर आपकी तैयारी अच्छी है तो आप मैदान पर आत्मविश्वास से उतरते हैं। हम काफी समय बाद टी20 खेल रहे हैं, लेकिन टूर्नामेंट से पहले हम 3–4 दिन पहले यहां आकर अच्छी तैयारी कर चुके हैं। अब हम पूरी तरह तैयार हैं।”

“टी20 में कोई फेवरेट नहीं”

दूसरी ओर, सलमान अली आगा ने भी जीत की दावेदारी पर राय रखते हुए कहा कि “टी20 क्रिकेट में कोई फेवरेट नहीं होता। मैच जिस दिन खेला जा रहा है, उसी दिन का प्रदर्शन सबसे अहम होता है। कुछ ओवरों में ही मैच का रुख बदल सकता है, इसलिए हर टीम को पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।”

भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत हमेशा हाई-वोल्टेज रही है और इस बार भी हालात अलग नहीं होंगे। दोनों कप्तानों के बयानों से साफ है कि 14 सितंबर को एशिया कप का मुकाबला सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि जुनून और जोश की जंग बनने जा रहा है।

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post