केंद्र सरकार इस दिवाली से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी के जरिए राहत देने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, जुलाई से दिसंबर 2025 की अवधि के लिए DA 3% बढ़ाने की संभावना है। अगर यह बढ़ोतरी होती है, तो वर्तमान 55% DA बढ़कर 58% हो जाएगा। इसका सीधा फायदा करीब 1 करोड़ कर्मचारियों और पेंशन पाने वालों को मिलेगा।
सरकार दो बार करती है DA की समीक्षा
सरकार हर साल DA की समीक्षा दो बार करती है। पहली समीक्षा जनवरी में और दूसरी जुलाई में होती है। इस बार जुलाई से दिसंबर की अवधि का नंबर है। अगर योजना के मुताबिक बढ़ोतरी होती है, तो नवरात्रि के बाद और दिवाली से पहले इसका ऐलान किया जा सकता है।
जून 2025 के लिए DA में 2% की बढ़ोतरी
इस साल मार्च में जनवरी से जून 2025 के लिए DA में 2% की बढ़ोतरी हुई थी। उस समय DA 53% से बढ़कर 55% हुआ था। अब अगर 3% और बढ़ोतरी होती है, तो ये सीधे 58% हो जाएगा। इसका असर कर्मचारियों और पेंशनर्स की जेब पर दिखेगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी पेंशनर को हर महीने ₹9,000 पेंशन मिलती है, तो 55% DA के हिसाब से उन्हें ₹4,950 एक्स्ट्रा मिलता है। 58% DA होने पर यह राशि बढ़कर ₹5,220 हो जाएगी, यानी हर महीने ₹270 अधिक। इसी तरह, ₹18,000 बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को 55% DA पर ₹9,900 मिलते हैं, जबकि 58% DA पर ₹10,440 मिलेंगे, यानी ₹540 की बढ़त।
महंगाई भत्ता का हिसाब-किताब CPI-IW (कंज़्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स) के आधार पर किया जाता है। अगर रोजमर्रा की चीज़ों के दाम बढ़ते हैं, तो इंडेक्स ऊपर जाता है और DA भी बढ़ता है।
कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगी राहत
इस बार की बढ़ोतरी त्योहार के मौसम में खास अहमियत रखती है। महंगाई के बीच यह 3% DA हाइक छोटे तबके के लिए राहत का बड़ा जरिया साबित होगी। कम वेतन वाले परिवारों के लिए यह अतिरिक्त रकम घर के खर्च में मददगार होगी। सरकार की तरफ से आधिकारिक घोषणा अभी नहीं आई है, लेकिन पिछले वर्षों के अनुभव के अनुसार नवरात्रि के बाद दिवाली से पहले यह ऐलान कर दिया जाएगा। इस बढ़ोतरी से लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को त्योहार के मौके पर राहत और खुशहाली मिलेगी।
