राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बड़ी वारदात ने लोगों को दहला दिया है। दक्षिणी दिल्ली के मैदान गढ़ी इलाके में बुधवार को ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आई। एक घर के अंदर से तीन लाशें बरामद हुईं, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। महिला के मुंह पर कपड़ा बंधा मिला, जबकि दोनों पुरुष खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि मैदान गढ़ी के एक घर में तीन शव पड़े हैं। खबर मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई तो नजारा चौंकाने वाला था। महिला की लाश बेड पर थी और उसके मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। दोनों पुरुषों की लाश फर्श पर खून से लथपथ हालत में मिली। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही है जांच-पड़ताल
अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या किसने और क्यों की। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।क्या महिला और दोनों पुरुष आपस में परिचित थे? क्या किसी घरेलू विवाद में यह हत्या हुई? या फिर किसी तीसरे शख्स ने वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया?
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही सच सामने आएगा।
10 दिन पहले करावल नगर में भी हुआ था ट्रिपल मर्डर
दिल्ली में यह इस महीने का दूसरा ट्रिपल मर्डर है। इससे सिर्फ 10 दिन पहले करावल नगर इलाके में भी एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या हुई थी। उस घटना में एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों को मौत के घाट उतार दिया था। पत्नी का नाम जयश्री (28) था। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था और इसी विवाद ने वारदात का रूप ले लिया।
बढ़ते अपराधों से दहली दिल्ली
लगातार हो रही इन वारदातों ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग दहशत में हैं कि राजधानी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले शहर में भी इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मैदान गढ़ी का यह तिहरा हत्याकांड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
अभी तक नहीं सुलझी तीन शवों की गुत्थी
मैदान गढ़ी में मिले तीन शवों की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझी है। महिला और दोनों पुरुषों की पहचान और उनके आपसी संबंधों को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस फिलहाल हत्या के हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं, लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर इस ट्रिपल मर्डर के पीछे की असली कहानी क्या है।
