India में बढ़ रहा कोरियन फूड का क्रेज, जानिए कौन-कौन से डिश हैं बेस्ट ऑप्शन

भारत में जहां पहले सिर्फ कोरियन शोज और म्यूजिक (K-Drama और K-Pop) का क्रेज देखा जा रहा था, वहीं अब धीरे-धीरे कोरियन फूड भी युवाओं के बीच बेहद पॉपुलर हो गया है। बड़े शहरों में कैफे और रेस्टोरेंट्स अपने मेन्यू में कोरियन डिश शामिल कर रहे हैं। वहीं, कई लोग घर पर भी इन्हें बनाने की कोशिश करते हैं।

क्यों है खास कोरियन फूड?

कोरियन लोग खाने को सिर्फ पेट भरने का जरिया नहीं मानते, बल्कि उसमें पोषण का भी पूरा ध्यान रखते हैं। यही कारण है कि कोरियन फूड को हेल्दी और संतुलित डाइट का हिस्सा माना जाता है। इसमें ज्यादा सब्जियों का इस्तेमाल होता है। खाना पकाने के लिए बॉइलिंग, ब्लांचिंग, ग्रिलिंग और पिकलिंग जैसी हेल्दी कुकिंग तकनीक अपनाई जाती है। इसमें कम तेल और कम मसाले होते हैं। फर्मेंटेड फूड्स जैसे किम्ची और सॉल्टेड सी-फूड (Jeotgal) इसमें खास जगह रखते हैं।

कोरिया की शान – किम्ची

किम्ची कोरिया की सबसे मशहूर डिश है। इसे गोभी के पत्तों को फर्मेंट करके बनाया जाता है। इसमें लहसुन, अदरक और रेड पेपर फ्लेक्स मिलाकर स्पाइसी फ्लेवर दिया जाता है। किम्ची न सिर्फ टेस्टी होती है बल्कि इसमें प्रोबायोटिक्स, विटामिन और मिनरल्स भी भरपूर मिलते हैं। यही वजह है कि इसे हेल्दी फूड लिस्ट में सबसे ऊपर रखा जाता है।

कोरियन राइस बाउल

कोरियन राइस बाउल पूरी तरह से न्यूट्रिशन पैक्ड मील होता है। इसमें चावल के साथ सब्जियां, मीट और अंडा डाला जाता है। इससे प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और विटामिन्स एक साथ मिल जाते हैं। वेजिटेरियन लोगों के लिए इसमें मीट की जगह टोफू या पनीर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

सीवीड और राइस रोल्स (Kimbap/Gimbap)

सुशी जैसे दिखने वाले ये रोल्स भी काफी लोकप्रिय हैं। इनमें चावल, अंडा, सब्जियां और कभी-कभी मछली या मीट डाला जाता है। इसमें कम तेल और हल्के मसाले का इस्तेमाल होता है। इस वजह से यह लो-कैलोरी और हाई-न्यूट्रिशन फूड माना जाता है।

कोल्ड सोया मिल्क नूडल सूप (Kongguksu)

ये डिश खासतौर पर गर्मियों में बहुत पसंद की जाती है। इसमें गेहूं के आटे से बने नूडल्स को सोया मिल्क में डाला जाता है। ऊपर से सब्जियां डालकर परोसा जाता है। सोया मिल्क प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है, जो शरीर को ठंडक और पोषण दोनों देता है।

सॉफ्ट टोफू स्ट्यू (Soondubu Jjigae)

जिन्हें मसालेदार खाना पसंद है, उनके लिए यह डिश बेहतरीन ऑप्शन है। इसमें नरम टोफू, मशरूम, सब्जियां और कभी-कभी मीट डालकर स्ट्यू तैयार किया जाता है। यह डिश प्रोटीन और विटामिन से भरपूर होने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी होती है।

क्यों अपनाएं कोरियन फूड?

कोरियन फूड का सबसे बड़ा फायदा है कि यह टेस्टी होने के साथ हेल्दी भी होता है। इसमें तली-भुनी चीजों की जगह हल्की और पोषणयुक्त डिश होती हैं। यही कारण है कि यह फूड भारत में युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra