Janmashtami पर सीएम योगी की बड़ी सौगात, ब्रज क्षेत्र में 30 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की रखी नींव

पूरे देश में जन्माष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। ब्रजभूमि- मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल में तो हर मंदिर और गली-गली में भक्ति और उल्लास का माहौल है। इसी खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे और संतों के सम्मान के साथ-साथ ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं कीं।

30 हजार करोड़ का विकास पैकेज

सीएम योगी ने ऐलान किया कि आने वाले समय में ब्रज क्षेत्र में 30 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे। इसमें मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल जैसे पवित्र तीर्थ स्थलों को जोड़ा जाएगा। योगी ने कहा कि ब्रज क्षेत्र न सिर्फ आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक है, बल्कि यहां का विकास पूरे विश्व में भारत की संस्कृति को नई पहचान देगा।

118 विकास परियोजनाओं की सौगात

डैंपियर नगर के पांचजन्य ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने 118 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 80 प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया गया, जिन पर लगभग 273 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही 38 प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई, जिनकी लागत करीब 373 करोड़ रुपये है। देखा जाए तो कुल मिलाकर ये सभी योजनाएं 646 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएंगी।

क्या-क्या होंगे विकास कार्य?

सीएम योगी ने बताया कि इन योजनाओं के जरिए ब्रज क्षेत्र के तीर्थ स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। इसमें परिक्रमा मार्गों का सौंदर्यीकरण, प्राचीन कुंडों का जीर्णोद्धार, भक्तों के लिए आधुनिक सुविधाएं, पर्यटकों के लिए सुगम यात्रा की व्यवस्था को शामिल किया गया है। इन कार्यों से न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा होगी बल्कि ब्रज क्षेत्र पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से और भी समृद्ध बनेगा।

भारत की आध्यात्मिक ताकत

संतों और विद्वानों की मौजूदगी में सीएम योगी ने कहा कि जब भी दुनिया किसी बड़े संकट से गुजरी है, भारत की आध्यात्मिक विरासत ने ही शांति और सद्भाव का रास्ता दिखाया है। उन्होंने ब्रज क्षेत्र के संतों और भक्तों की भावनाओं का सम्मान करने की प्रतिबद्धता जताई।

राम मंदिर का किया जिक्र

इस मौके पर सीएम योगी ने राम मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “10 साल पहले राम मंदिर केवल सपनों में था, लेकिन आज वह एक साकार हकीकत है।” साथ ही काशी विश्वनाथ धाम का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले वहां मुश्किल से 50 लोग दर्शन कर पाते थे, लेकिन अब एक बार में 50 हजार लोग दर्शन कर सकते हैं।

जन्माष्टमी जैसे शुभ अवसर पर सीएम योगी की यह घोषणा ब्रजवासियों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। आने वाले वर्षों में जब ये परियोजनाएं पूरी होंगी, तो ब्रज क्षेत्र न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करेगा।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra