Ranbir, आलिया और विकी की ‘लव एंड वॉर’ से भिड़ेगी यश की ‘टॉक्सिक’, भंसाली ने रचा बड़ा प्लान!

बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक संजय लीला भंसाली एक बार फिर बड़ी स्क्रीन पर अपनी भव्यता और भावनाओं से भरी कहानी लेकर लौट रहे हैं। इस बार फिल्म है ‘लव एंड वॉर’, जिसमें तीन बड़े सितारे- रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल एक साथ नजर आएंगे। यह फिल्म 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है और इसे लेकर हर दिन नए अपडेट सामने आ रहे हैं।

रणबीर कपूर के बर्थडे पर बड़ा धमाका?

एक रिपोर्ट के मुताबिक, भंसाली रणबीर कपूर के जन्मदिन 28 सितंबर को फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा सरप्राइज देने वाले हैं। इस दिन रणबीर 43 साल के हो जाएंगे और उनके फैंस के लिए यह खास मौका होगा। चर्चा है कि फिल्म का पहला पोस्टर या टीजर इसी दिन रिलीज किया जा सकता है।

अब भंसाली और उनकी टीम इस बात पर विचार कर रही है कि केवल रणबीर का पहला लुक जारी किया जाए या फिर तीनों एक्टर्स के साथ एक छोटा टीजर सामने लाया जाए। टीजर की शूटिंग के लिए कलाकारों की डेट्स पर बात चल रही है और सबकुछ फाइनल होते ही शूट शुरू होगा।

रणबीर के ग्रे शेड किरदार को लेकर चर्चा

‘लव एंड वॉर’ को लेकर एक और दिलचस्प बात सामने आई है। इस फिल्म में रणबीर कपूर का किरदार ग्रे शेड में होगा। यानी वह पूरी तरह से न तो हीरो होंगे और न ही विलेन। इस तरह के किरदारों में रणबीर को पहले भी पसंद किया गया है, जिससे इस बार भी फैंस की एक्साइटमेंट दोगुनी है।

वहीं, आलिया भट्ट इस फिल्म से पहले अपनी दूसरी फिल्म ‘अल्फा’ की शूटिंग कर रही हैं। इसके बाद वो ‘लव एंड वॉर’ में नजर आएंगी। विकी कौशल भी इस फिल्म में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं, और माना जा रहा है कि उनका रोल काफी दमदार होगा।

यश की ‘टॉक्सिक’ से टकराव

अब बात उस टक्कर की, जिसने इंडस्ट्री का ध्यान खींचा है। साउथ सुपरस्टार यश ने अपनी फिल्म ‘टॉक्सिक’ को भी 26 मार्च 2026 को रिलीज करने का ऐलान किया है – यानी वही तारीख जिस दिन भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दो बड़े सितारों की फिल्मों की भिड़ंत बॉक्स ऑफिस पर क्या रंग लाती है।

अगर भंसाली की फिल्म का टीजर या लुक सितंबर में ही आ जाता है, तो यश के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन सकता है, क्योंकि तब तक ‘लव एंड वॉर’ की चर्चा और फैनबेस काफी मजबूत हो चुका होगा।

प्रियंका नहीं करेंगी डांस नंबर

बीते दिनों अफवाह थी कि प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म में एक खास डांस नंबर करने वाली हैं, लेकिन अब साफ हो गया है कि वो फिल्म का हिस्सा नहीं होंगी।

फिल्म ‘लव एंड वॉर’ सिर्फ एक रोमांटिक सागा नहीं, बल्कि तीन बड़े सितारों को साथ लाकर भंसाली एक बार फिर बड़ा धमाका करने जा रहे हैं। वहीं यश की ‘टॉक्सिक’ से सीधी टक्कर फिल्म को और भी रोमांचक बना देती है। अब देखना होगा कि रणबीर के बर्थडे पर आने वाला टीजर कितनी चर्चा बटोरता है और 52 दिन बाद बॉलीवुड में कितना “War” मचता है।

;;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post