India में पाक खुफिया एजेंसी की साजिश बेनकाब: यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ में खुला राज

भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। हरियाणा के हिसार की रहने वाली यूट्यूबर और ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 17 मई 2025 को हुई गिरफ्तारी के बाद से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।

अटारी बॉर्डर पर अंडरकवर एजेंट की तलाश

सूत्रों के मुताबिक, ज्योति मल्होत्रा का इस्तेमाल ISI भारत के खुफिया एजेंट्स की पहचान करने के लिए कर रही थी। ज्योति और ISI अधिकारी अली हसन के बीच हुई वॉट्सऐप चैटिंग से यह खुलासा हुआ है। बातचीत में दोनों कोड वर्ड का इस्तेमाल कर रहे थे।

चैट में अली हसन ने ज्योति से पूछा कि अटारी बॉर्डर पर किन लोगों को खास प्रोटोकॉल मिला। उसका इशारा ऐसे अंडरकवर एजेंट्स की तरफ था, जिन्हें विशेष प्रक्रिया से बॉर्डर पार कराया गया हो। अली हसन ने कहा, “कोई अंडरकवर पर्सन हो जैसे, पता चल जाता है देखकर। आपको कैसे निकालना था या उसको अंदर लेकर आना था। उसको गुरुद्वारे में लाकर रूम में बैठाना था।”

ज्योति ने जवाब में कहा, “नहीं, इतने पागल थोड़ी न थे वो।” इससे संकेत मिलता है कि वो खुद को और सामने वाले को पकड़े जाने से बचाना चाहती थी।

देश की खुफिया जानकारी साझा करने का आरोप

जांच में पता चला है कि ज्योति मल्होत्रा ISI ऑपरेटर्स से एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए संपर्क में थी। वह खुफिया जानकारियां, जैसे एजेंट्स की मूवमेंट, लोकेशन और प्रोटोकॉल संबंधी जानकारियां शेयर कर रही थी। इस मामले में एक और शख्स मोहम्मद मुर्तजा अली को भी गिरफ्तार किया गया है।

पाकिस्तान जा चुकी है ज्योति मल्होत्रा

खुफिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्योति कई बार पाकिस्तान भी जा चुकी है। वहां उसकी मुलाकात ISI के अधिकारियों से हुई थी। उसके पास से बरामद दस्तावेज, मोबाइल चैट्स और अन्य डिजिटल साक्ष्य उसके संपर्क की पुष्टि करते हैं।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सतर्क हुई एजेंसियां

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। इसके बाद देश की एजेंसियां सतर्क हो गईं और देश के अंदर छिपे गद्दारों की तलाश शुरू हुई। उसी दौरान ज्योति और उसके नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ।

देश के लिए खतरा बनी यूट्यूबर

33 साल की ज्योति मल्होत्रा सोशल मीडिया पर ट्रैवल व्लॉग्स के लिए जानी जाती थी, लेकिन पर्दे के पीछे वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही थी। देश की सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ऐसे लोगों के जरिए दुश्मन देश भारत की अंदरूनी जानकारी हासिल करने की कोशिश करता है।

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post