Life Hacks: फलों के छिलकों में छुपा खजाना: फेंकिए मत, जानें कैसे बनाएं इन्हें अपने रोजमर्रा का सहायक

अक्सर फल खाने के बाद हम उनके छिलकों को कूड़ेदान में फेंक देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये छिलके भी आपकी ज़िंदगी आसान बना सकते हैं? जी हां, फल खाने के बाद बचा हुआ हिस्सा, जिसे हम बेकार समझते हैं, वो सफाई, ब्यूटी, गार्डनिंग और घर की खुशबू बनाए रखने जैसे कई कामों में बड़े काम आ सकता है।

फलों के छिलकों में मौजूद नेचुरल ऑयल्स, साइट्रिक एसिड, एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स न केवल स्किन और बालों के लिए फायदेमंद हैं, बल्कि ये पर्यावरण के लिए भी इको-फ्रेंडली विकल्प हैं। आइए जानते हैं कि किन फलों के छिलके कैसे काम आते हैं।

घर की सफाई में सहायक नींबू और संतरे के छिलके

नींबू और संतरे के छिलकों में साइट्रिक एसिड और फ्रेश नेचुरल ऑयल्स होते हैं। इन छिलकों को विनेगर के साथ जार में डालकर कुछ दिनों के लिए छोड़ दें। फिर इसे छानकर एक स्प्रे बॉटल में भर लें। यह मिश्रण किचन, सिंक, माइक्रोवेव और बाथरूम की सफाई में उपयोगी है। साथ ही इससे एक ताजा खुशबू भी आती है।

केले के छिलके से बागवानी

केले के छिलकों में पोटैशियम और फॉस्फोरस होते हैं, जो पौधों की ग्रोथ को बढ़ावा देते हैं। इन्हें सुखाकर पाउडर बनाकर मिट्टी में मिलाएं या सीधे डालें। इसके अलावा, केले के छिलकों से चमड़े के जूते और बैग्स रगड़ने से उनमें नई सी चमक आ जाती है।

टोनिंग के लिए टॉनिक है सेब के छिलके

सेब के छिलके विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं। इन्हें पानी में उबालकर ठंडा करें और उस पानी को चेहरे पर कॉटन से लगाएं। यह आपकी त्वचा को टोन और फ्रेश करता है।

अनार के छिलके से तैयार करें फेस पैक

अनार के छिलकों को सुखाकर पीसें और उसमें गुलाब जल या दही मिलाएं। इस मिश्रण को फेस पैक की तरह लगाएं। यह डेड स्किन हटाता है, मुंहासे कम करता है और स्किन को टाइट करता है।

आम के छिलके से बालों को पोषण दें

आम के छिलकों में नेचुरल ऑयल्स होते हैं जो स्कैल्प को पोषण देते हैं। इन छिलकों को पीसकर दही में मिलाएं और बालों में लगाएं। यह हेयर फॉल कम करता है और बालों को मुलायम बनाता है।

नेचुरल तरीका से मच्छर भगाएं

नींबू, संतरा या मौसमी के सूखे छिलकों को धीमी आंच पर जलाएं। इससे एक नैचुरल सिट्रस स्मेल निकलती है जो मच्छरों को दूर रखती है। यह तरीका खासकर गर्मियों की शाम के समय बेहद फायदेमंद है।

होममेड स्क्रबिंग पाउडर

कई तरह के फलों के छिलकों को सुखाकर पीस लें और उसमें थोड़ा बेसन मिलाकर स्क्रबिंग पाउडर बनाएं। यह डेड स्किन हटाने और त्वचा को चमकदार बनाने में कारगर होता है।

तो अगली बार जब आप फल खाएं, छिलकों को बेकार न समझें। थोड़ी सी क्रिएटिविटी और जानकारी से आप इन छिलकों को घरेलू सहायक बना सकते हैं – वो भी बिना किसी खर्चे के। ये न केवल आपकी जेब को राहत देते हैं, बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान से बचाते हैं। तो अब जब फल खाएं, छिलकों को सोच-समझकर इस्तेमाल में लाएं।

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post