बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने सीधे-सीधे बॉलीवुड सितारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ये सितारे पान मसाला और गुटखा बेच सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द नहीं बोल सकते। अभिजीत का मानना है कि देशभक्ति सिर्फ विज्ञापनों तक सीमित रह गई है, जबकि असल मुद्दों पर चुप्पी साध ली जाती है।
“पाकिस्तानी कलाकार ज़्यादा नेशनलिस्ट हैं”
एक मीडिया इंटरव्यू में अभिजीत ने कहा कि पाकिस्तान के कलाकार हमारे कलाकारों से ज्यादा राष्ट्रवादी हैं। उन्होंने कहा, “हमने उन्हें पैसा दिया, नाम दिया, शोहरत दी। वे लोग हमारे ही दम पर मशहूर हुए। लेकिन आज वो हमारे खिलाफ बोल रहे हैं। ये उनके स्वभाव में है। जबकि हमारे कलाकार या तो चुप हैं या अपने ही देश के खिलाफ बोल रहे हैं।”
बॉलीवुड सितारों की चुप्पी पर सवाल
अभिजीत ने बॉलीवुड के मौन रवैये को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के बड़े-बड़े नाम पान मसाला और तंबाकू के विज्ञापनों में तो खुलकर नज़र आते हैं, लेकिन पाकिस्तान के आतंक और दुश्मनी पर बोलने से कतराते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “गुटखा बेचेंगे, पुड़िया बेचेंगे, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ बोलने से डरेंगे। उनके मुंह से कभी नहीं निकलेगा – पाकिस्तान हम तुमको बर्बाद करेंगे।”
“युवाओं को पाकिस्तान में फॉलोअर्स की चिंता”
अभिजीत ने युवा पीढ़ी के बॉलीवुड सितारों को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि आज के एक्टर्स और एक्ट्रेसेस पाकिस्तान में अपनी फैन फॉलोइंग को लेकर ज्यादा चिंतित हैं। उन्हें लगता है कि पाकिस्तान में उनके चाहने वालों की बड़ी तादाद है, और कहीं उनके बयान से वह फैन बेस प्रभावित न हो जाए। इसीलिए वे पाकिस्तान का नाम लेने से भी डरते हैं।
अभिजीत के बयान पर बहस शुरू
अभिजीत भट्टाचार्य के इन बयानों ने बॉलीवुड और सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। जहां कुछ लोग उनके विचारों से सहमत दिख रहे हैं, वहीं कई यूजर्स उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। अभिजीत का कहना है कि राष्ट्रवाद केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कर्मों में भी दिखना चाहिए।
बहरहाल, यह पहला मौका नहीं है जब अभिजीत भट्टाचार्य ने बॉलीवुड पर इस तरह का हमला बोला हो। लेकिन इस बार उन्होंने जिस अंदाज में सितारों की चुप्पी को निशाने पर लिया है, उसने फिल्म इंडस्ट्री को असहज कर दिया है।
;