Hair Transplant के नाम पर मौत का सौदा: डॉक्टर अनुष्का के सस्ते पैकेज में दो इंजीनियरों की जान गई

कानपुर में हेयर ट्रांसप्लांट के नाम पर हुई इन दो दर्दनाक मौतों ने सस्ती सर्जरी के पीछे छिपे खतरों को उजागर कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सस्ते हेयर ट्रांसप्लांट का दावा करने वाली डॉक्टर अनुष्का तिवारी पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सिर्फ ₹40,000 से ₹50,000 में हेयर ट्रांसप्लांट का दावा करने वाली डॉक्टर के इलाज के बाद दो इंजीनियरों की मौत हो चुकी है। मामले के खुलासे के बाद शहर में हड़कंप मच गया है और पुलिस भी अब डॉक्टर की तलाश में जुट गई है।

हेयर ट्रांसप्लांट से मयंक कटियार की मौत

कल्याणपुर के इंदिरा नगर में रहने वाले इंजीनियर मयंक कटियार बाल झड़ने की समस्या से परेशान थे। ऑनलाइन सर्च के बाद उन्होंने एंपायर क्लिनिक, केशवपुरम की डॉक्टर अनुष्का तिवारी से संपर्क किया। डॉक्टर ने ₹40,000 की फीस ऑनलाइन मंगाई और फिर करीब 5 घंटे की हेयर ट्रांसप्लांट सर्जरी की।

सर्जरी के बाद डॉक्टर ने कहा कि मयंक बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें घर ले जाया जा सकता है। लेकिन घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही मयंक को सर्जरी वाले हिस्से में तेज़ दर्द होने लगा। डॉक्टर ने फोटो और वीडियो भेजने को कहा और कुछ दवाइयाँ बताईं। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने इंजेक्शन लेने को कहा, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। बाद में जब परिवार ने अन्य अस्पताल में भर्ती कराया, तो कुछ ही देर में मयंक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने डॉक्टर को जानकारी दी, तो उन्होंने कॉल काट दिया और सभी नंबर ब्लॉक कर दिए।

विनीत दुबे के साथ भी हुआ कुछ ऐसा ही

पनकी पावर हाउस में तैनात इंजीनियर विनीत दुबे की पत्नी जया त्रिपाठी ने बताया कि उनके पति ने भी डॉक्टर अनुष्का से हेयर ट्रांसप्लांट करवाया था। ₹1,000 एडवांस ऑनलाइन देने के बाद उन्होंने ₹50,000 कैश में डॉक्टर को दिए। सर्जरी के बाद विनीत की तबीयत बिगड़ी और डॉक्टर की ओर से एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसमें बताया गया कि विनीत को अनुराग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

परिवार जब अस्पताल पहुंचा, तो उनकी हालत गंभीर थी। उन्हें रीजेंसी हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया, जहां कुछ देर बाद विनीत की भी मौत हो गई।

अग्रिम जमानत की कोशिश में डॉक्टर

विनीत की पत्नी जया त्रिपाठी ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि एफआईआर दर्ज कराने में दो महीने लगे और अब रिपोर्ट दर्ज होने के सात दिन बाद भी डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि अब जब मयंक की मौत की शिकायत भी दर्ज हो गई है, तो पुलिस को अनुष्का की अग्रिम जमानत का विरोध करना चाहिए।

पुलिस ने दी विस्तार से जानकारी

एसीपी अभिषेक पांडे ने बताया कि डॉक्टर अनुष्का तिवारी की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, डीसीपी दिनेश त्रिपाठी ने भी गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post