Aligarh: इश्क के नाम पर सरहद पार: अलीगढ़ का बादल बाबू पाकिस्तान की जेल में, वकील बना उम्मीद की किरण

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के थाना बरला क्षेत्र के गांव नंगला खिटकारी निवासी बादल बाबू का दिल पाकिस्तान की मंडी बहाउद्दीन की युवती सना रानी पर आ गया. दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई और जल्द ही यह दोस्ती मोहब्बत में बदल गई. प्यार की गिरफ्त में आए बादल ने परिवार को बिना बताए पाकिस्तान जाने का फैसला कर लिया.

बिना दस्तावेज पार की सरहद, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिना किसी वैध दस्तावेज के बादल बाबू ने भारत-पाक सीमा पार कर पाकिस्तान में प्रवेश किया. 27 दिसंबर 2024 को पाकिस्तानी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. बिना पासपोर्ट और वीजा के पाकिस्तान में घुसने के आरोप में उसे जेल भेज दिया गया. चार महीने से बादल बाबू वहां की जेल में बंद है.

कोर्ट ने सुनाई एक साल की सजा और जुर्माना

14 मई 2025 को पाकिस्तान की मंडी बहाउद्दीन जिला अदालत ने बादल बाबू को एक साल कैद और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई. हालांकि, चार महीने की जेल काट चुका बादल अब सजा की बची अवधि की गिनती कर रहा है. अदालत ने स्पष्ट किया कि बादल को जासूसी के आरोपों से मुक्त रखा गया है, उसे केवल सीमा उल्लंघन का दोषी माना गया.

मुफ्त में केस लड़ रहे पाकिस्तानी वकील

बादल के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान के वकील फियाज रामे ने मानवता दिखाते हुए बिना फीस लिए उसका केस लड़ने की जिम्मेदारी ली. 10 जनवरी 2025 से उन्होंने अदालत में मामले की पैरवी शुरू की. उन्होंने बताया कि सजा के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील की जाएगी ताकि सजा को कम कराया जा सके.

प्रेमिका सना रानी भी हुई पेश, जासूसी से इनकार

17 अप्रैल को अदालत में सना रानी को भी पेश किया गया. पूछताछ में दोनों ने एक-दूसरे को पहचाना लेकिन कोई बातचीत नहीं हुई. फेसबुक चैट के आधार पर अदालत ने यह स्पष्ट किया कि बादल बाबू का इरादा जासूसी नहीं, बल्कि निजी प्रेम संबंध के चलते पाकिस्तान जाना था.

परिजनों की उम्मीदें वकील से जुड़ीं

बादल बाबू के माता-पिता, कृपाल सिंह और उनकी पत्नी, अपने बेटे की वापसी के लिए दिन-रात दुआ कर रहे हैं. उन्होंने पाकिस्तानी वकील फियाज रामे का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनके बेटे के लिए इंसानियत का परिचय दिया. अब पूरे परिवार को उस पल का इंतजार है जब बादल बाबू जेल से रिहा होकर वतन लौटेगा.

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post